


राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस), जयपुर में गुरुवार को येलो फीवर टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा, आरयूएचएस के वीसी डॉ. सुधीर भंडारी, डॉ. अजीत सिंह, अन्य प्रमुख चिकित्सकगण और फोर्टी के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल ने किया।
उल्लेखनीय है कि अफ्रीकी व कुछ मध्य अमरीकी देशों में येलो फीवर का प्रकोप होने के कारण वहाँ यात्रा करने से पहले इसका टीका लगवाना आवश्यक होता है। जयपुर से हर माह 300 से 400 लोग येलो फीवर से प्रभावित देशों में जाते हैं। आरयूएचएस में इस केंद्र के शुभारंभ से निश्चित रूप से उन सभी लोगों को सुविधा होगी।
इस अवसर पर राजीव अरोड़ा ने बताया कि कोरोना के समय आरयूएचएस ने जिस प्रतिबद्धता के साथ प्रदेशवासियों की सेवा की, वह अभूतपूर्व है। डॉ. भंडारी के प्रयासों से राजस्थान में वैक्सनेशन तेज गति से हो सका, उसी का परिणाम रहा कि प्रदेश में उद्योगों का सुचारु संचालन हो सका; और इसका सबसे बड़ा लाभ यह रहा कि उस विषम काल में भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था अन्य प्रदेशों की तुलना में बेहतर बनी रही। राजीव अरोड़ा ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयासों का असर है कि राजस्थान आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में मेडिकल हब के रूप में भी ख्याति प्राप्त कर चुका है। यहाँ का सवाई मान सिंह अस्पताल आज अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ भारत का अत्याधुनिक अस्पताल बन चुका है। अरोड़ा ने बताया कि अपने पहले कार्यकाल से ही सीएम गहलोत का सपना था कि राजस्थान वासियों को प्रदेश के अंदर ही सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो। आज यह सपना साकार हो चुका है।