Saturday, 29 August 2026

9 जून तक प्रदेश में तेज हवाएं और बारिश की संभावना, लू से मिलेगी राहत


9 जून तक प्रदेश में तेज हवाएं और बारिश की संभावना, लू से मिलेगी राहत

प्रदेश में मंगलवार को तेज हवा संग रेतीला अंधड़ के कारण पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं कुछ जिलों में तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। आंधी और बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन आंधी-बरसात की स्थिति बनी रह सकती है।
गुजरात में दक्षिणी पोरबंदर में दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस चक्रवाती तूफान के असर से कई जगह तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश में नौ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री  और उससे अधिक दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक तापमान कोटा में 42 डिग्री दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान ने चार डिग्री की छलांग लगाई। वहीं, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, दौसा, जयपुर, सीकर, नागौर, झुंझुनूं सहित कई अन्य जिलों में तेज अंधड़ आया। श्रीगंगानगर के जैतसर और श्रीबिजयनगर में भी अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई। केसरीसिंहपुर में अंधड़ से एक दीवार गिर गई। वहीं बाड़मेर के सिणधरी में देर रात 62 मिमी बरसात दर्ज की गई।
जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि नया मौसम तंत्र बनने से चौबीस घंटे में मौसम में व्यापक बदलाव आएगा। जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर में तेज हवाओं संग हल्की से मध्यम बारिश होगी। 8 जून को जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना हैं। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से आंधी आएगी और इस दौरान वज्रपात भी हो सकता है। 9 जून को इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात होने की संभावना है।

    Previous
    Next

    Related Posts