Saturday, 29 August 2026

इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना,सोमवार को सभी जिलों में लाभार्थी उत्सव, सीएम गहलोत 14 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में करेंगे सीधा लाभ का हस्तांतरण


 इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना,सोमवार को सभी जिलों में लाभार्थी उत्सव, सीएम गहलोत 14 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में  करेंगे सीधा लाभ का हस्तांतरण

इंदिरा गांधी गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना को लेकर सोमवार को प्रदेश के सभी 33 जिलों में लाभार्थी उत्सव का आयोजन किया जायेगा। जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बटन दबाकर एक साथ 14 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 60 करोड़ रूपए का लाभ हस्तांतरित करेंगे। सीएम गहलोत  इस अवसर पर 10 लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम में महंगाई राहत कैम्पों तथा इंदिरा गांधी गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। 

जिला स्तरीय कार्यक्रमों में राज्य सरकार के मंत्रीगणों के साथ ही विधायक, अधिकारी एवं योजना के लाभार्थी उपस्थित रहेंगे और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राज्य स्तरीय लाभार्थी उत्सव से जुड़ेगे। 

इस योजना के पात्र उपभोक्ताओं में से 22 लाख उपभोक्ताओं ने इस वर्ष अप्रेल माह में रिफिल बुक कराया। इनमें से महंगाई राहत कैंपों में पंजीयन करा चुके 14 लाख उपभोक्ताओं के खाते में सोमवार को मुख्यमंत्री श्री गहलोत सीधे लाभ का हस्तांतरण करेंगे। जैसे-जैसे शेष उपभोक्ता राहत कैंपों में अपना पंजीयन कराएंगे उनके खातों में भी लाभ का हस्तांतरण कर दिया जाएगा।

मात्र 500 रूपए में मिल रहा गैस सिलेंडर

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा 76 लाख उपभोक्ताओं को केवल 500 रुपये में गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उज्ज्वला योजना में चयनित परिवारों के साथ ही बीपीएल श्रेणी के गैस कनेक्शनधारक परिवार इस योजना के पात्र हैं। सम्पूर्ण राज्य में 1 अप्रेल, 2023 से यह योजना लागू की जा चुकी है। वर्तमान में महंगाई राहत शिविरों में पंजीकरण के माध्यम से योजना का लाभ दिया जा रहा है। अब तक कुल 48.63 लाख परिवार योजना में अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। 

इस योजना में गैस सिलेंडर पंजीयन करवाने के बाद गैस कम्पनियों से प्राप्त ट्रांजेक्शन डाटा के आधार पर माह में दो बार अर्थात् पाक्षिक आधार पर अंतर राशि उपभोक्ता के जनाधार से लिंक खाते में स्वतः जमा करने का प्रावधान रखा गया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत देने के लिए राज्य बजट 2023-24 में 19 हजार करोड़ के महंगाई राहत पैकेज की घोषणा की थी। आमजन को महंगाई से तत्काल राहत देने के लिए 24 अप्रेल से प्रदेश भर में महंगाई राहत कैम्पों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिनमें 10 जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण कर गारंटी कार्ड प्रदान किये जा रहे हैं। प्रदेश के करीब 1.43 करोड़ परिवार इन कैम्पों में अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।

इन जिलों में इतने लाभार्थियों को लाभ हस्तांतरण

लाभार्थी उत्सव के दौरान अजमेर जिले के 54,694, अलवर के 59,514, बांसवाड़ा के 25,615, बारां के 29,246, बाड़मेर के 67,362, भरतपुर के 58,515, भीलवाड़ा के 52,064, बीकानेर के 54,626, बूंदी के 26,613, चित्तौड़गढ़ के 41,445, चूरू के 56,618, दौसा के 41,532, धौलपुर के 25,918, डूंगरपुर के 19,718, हनुमानगढ़ के 36,979, जयपुर के 80,100, जैसलमेर के 17,584, जालोर के 38,115 तथा झालावाड़ के 39,115 उपभोक्ताओं के खातों में लाभ हस्तांतरित किया जाएगा। 

इसी प्रकार झुन्झुनूं के 47181, जोधपुर के 65767, करौली के 28460, कोटा के 27509, नागौर के 70517, पाली के 40731, प्रतापगढ़ के 15005, राजसमंद के 27873, सवाईमाधोपुर के 26499, सीकर के 61153, सिरोही के 18817, श्रीगंगानगर के 45200, टोंक के 38950 और उदयपुर के 51553 उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ का हस्तांतरण किया जाएगा।

अजमेर के जवाहर  रंगमंच पर होगा कार्यक्रम, आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौर रहेंगे मौजूद

जवाहर रंगमंच पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में आरटीडीसी चैयरमैन धमैन्द्र राठौड शिरकत करेगे जिसमें प्रदेश के  सीएम गहलोत द्वारा शुरू की गई महंगाई राहत योजनाओं में 500 रुपये में गैस सिलेण्डर वाले लाभार्थियों से रूबरू होगे। 

जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि अजमेर जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमंच पर आयोजित होगा। कार्यक्रम सोमवार को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। इसमें इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर योजना का लाभ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को आमंत्रित किया जायेगा । कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों व सिविल सोसाइटी एवं गैस एजेंसियो को भी आमंत्रित किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने आयोजना विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग डीओआईटी तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देशित किया कि वे उज्जवला योजना में गैस सिलेण्डर के लाभार्थीयों से सम्बधित सभी तैयारियाँ पूरी कर लेवे।

Previous
Next

Related Posts