


प्रदेश में बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों व सवारी की होने वाली मृत्यु में कमी लाने के लिए शनिवार को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध संचालित एक दिवसीय सघन अभियान के तहत 37 हजार 771 दुपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया।
अतिरिक्त महानिदेशक यातायात वीके सिंह ने बताया कि अभियान में आमजन के व्यापक सहयोग मिला और अधिकांश वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले।
एडीजी ट्रैफिक सिंह ने भीषण गर्मी के बावजूद यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा प्रदेश भर में किए गए अच्छे कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आवाहन किया। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी दुपहिया वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए स्वयं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से उपयुक्त गुणवत्ता का हेलमेट पहनने का आग्रह किया। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों को दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाने का आग्रह किया।
एडीजी ने बताया कि सीकर जिले में 2731, उदयपुर में, 1640, जयपुर ग्रामीण में 1564, अलवर में 1338, अजमेर में 1542, जयपुर पूर्व में 1246 व जोधपुर ग्रामीण जिले में 1892 कार्रवाई की गई। राज्य स्तर पर जयपुर रेंज में 8001, बीकानेर रेंज में 4712, भरतपुर रेंज में 3642, अजमेर रेंज में 3976, उदयपुर रेंज में 5352, जोधपुर रेंज में 4378, कोटा रेंज में 4872, जयपुर कमिश्नरेट में 4673 दुपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।