


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और कांग्रेस के विधायक संदीप यादव ने शुक्रवार को अलवर जिले के तिजारा में आयोजित महंगाई राहत कैंप का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपे। महंगाई राहत कैंप का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री जूली ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतिगत निर्णयों ने प्रदेश में विकास के मार्ग को ओर अधिक प्रशस्त करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन को महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में विभिन्न स्थानों पर महंगाई राहत कैंप लगाए जा रहे हैं जिनमें विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित परिवारों को आर्थिक संबल मिला है तथा उनकी बचत में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि महंगाई राहत कैम्पों के साथ प्रशासन गांवों के संग अभियान में आमजन के मौके पर ही काम किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर कहा कि आमजन जागरूक रहकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर महंगाई राहत कैंपों में अधिक से अधिक पंजीकरण करवाकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपील की।