


हरियाणा में भाजपा का सहयोग कर रही जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) अब भाजपा के सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ेगी। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जयपुर में अपनी पार्टी के विस्तार के लिए आया हूं और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्तर पर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा कमजोर है उन सीटों पर जेजेपी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 20 से 25 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि फतेहगढ़, सूरजगढ़,कोटपूतली, नोहर, भादरा और लूणकरणसर सहित कई विधानसभा से चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले हम प्रदेश में प्रवेश कर गए हैं और शुक्रवार को पार्टी का विधिवत रूप से प्रदेश में गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी मील को प्रदेश अध्यक्ष और प्रतीक महरिया को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि पार्टी निश्चित तौर पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और सीटें भी जीतेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सीएम गहलोत की सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है ।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल है क्या वे वर्ष 2018 में गलती से चुनाव जीत गए हैं अब उनका कोई अस्तित्व नहीं है हम उन्हें बराबर की टक्कर देंगे। उन्होंने कहा कि जेजेपी के लिए हनुमान बेनीवाल कोई चुनौती नहीं है।