


मदार पुलिस चौकी के समीप महिला टीचर की चाकू से गोद कर हत्या करने वाला हत्यारे को पुलिस की मुस्तैदी ने 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया।
हत्यारा प्रेम प्रसंग में दूसरे युवक के आने से नाराज था। मंगलवार को दिनदहाडे हुई युवती की हत्या के मामले में मृतका कीर्ति चौहान के मित्र प्रोफेसर अनिल शर्मा की ओर से अलवर के थाने में दर्ज आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी विवेक उर्फ विवान को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील विश्नोई ने प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी विवेक उर्फ विवान का महिला मित्र कीर्ति चौहान से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसमें पिछले 1 माह से प्रोफेसर अनिल शर्मा नामक युवक की एंट्री होने से वह खासा नाराज था। इससे पूर्व उन्होंने जायका रेस्टोरेंट में बैठकर बातचीत भी की थी । जहां से निकलने के बाद आरोपी विवेक उर्फ विवान कीर्ति का पीछा करते हुए मेयो कॉलेज के निकट नाका मदार पुलिस चौकी के सामने पहुंचा और कीर्ति पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए, कुल 6 वार किए गए जिससे उसके हार्ट, लंग्स और अन्य अंदरूनी शारीरिक घाव हो गए और अत्यधिक रक्तस्त्राव होने से उसकी अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई।
मृतका कीर्ति चौहान कोटडा स्थित सम्राट स्कूल के अंदर शिक्षिका थी। उसका पति सूरज चौहान चेक बाउंस के प्रकरण में पिछले 10 माह से अजमेर सेंट्रल जेल में सजा काट रहा है। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर हत्या के काम में लिया गया चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्यारे ने मिडिया के सामने बताया कि उसे हत्या करने का कोई अफसोस नही है।