


पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा है कि पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत उस वक्त बहुत आहत हुए,जब एक तरफ़ तो उनकी 1996 में क्लीवलैंड में हार्ट की सर्जरी हो रही थी और दूसरी ओर जयपुर में उनकी सरकार गिराने के लिए ‘ऑपरेशन’ चल रहा था। हालाँकि कांग्रेस को इसमें सफलता नहीं मिल पाई थी।
पूर्व सीएम सोमवार को सीकर जिले के खाचरियावास में पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पोल खोली और कहा कि उन्होंने सरकार को बचाने में कोई योगदान नहीं दिया।
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि सभी दलों के राजनेताओं से भैरों सिंह जी के मधुर सम्बंध थे। स्व.हरिदेव जोशी एसएमएस में भर्ती हुए, तब स्व.भैरों सिंह शेखावत सीएम थे। वे जोशी के पास नियमित अस्पताल जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछते। चिकित्सकों को निर्देश देते थे। एक बार जोशी ने शेखावत से कहा आपसे मिलना है, सीएमओ आ जाऊँ ? उन्होंने मना कर दिया। लेकिन अगले आधे घंटे में वे जोशी के घर पहुँच गए ।जोशी से ही नहीं उनके पूर्व सीएम स्व.मोहन लाल सुखाडिया सहित कांग्रेस के कई नेताओं से मधुर सम्बंध थे। इसका अर्थ ये नहीं था कि वे आपस में मिले हुए थे, जब भी संगठन की बात आती थी ,भैरों सिंह शेखावत चट्टान की तरह उनके ख़िलाफ़ खड़े हो जाते थे।
उन्होंने कहा कि मुझे झालावाड़ भेजने के निर्णय में भैरों सिंह शेखावत की दूर दृष्टि थी। उन्हीं के कारण मुझे प्रदेश की पहली मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। भैरों सिंह शेखावत कहते थे कि कठिन समय में व्यक्ति तप करके तो निखरता ही है,उसे अपने परायों की भी पहचान होती है।इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद रहे।