


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुरानी पेंशन पद्धति (ओपीएस) लागू होने के 1 साल पूरा होने का जश्न 19 मई को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित करने का निर्णय किया है। इस आयोजन के माध्यम से सीएम गहलोत अपना शक्ति प्रदर्शन करके यह बताने का प्रयास करेंगे कि ओपीएस की योजना से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और वह आभार जताने के लिए यहां पहुंचे हैं।
सीएम गहलोत ने इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रदेश भर के कर्मचारी नेताओं को आमंत्रित किया है। सीएम गहलोत समर्थित नेता भी 19 मई को भारी तादाद में कर्मचारियों को जयपुर बुलाने में जुट गए हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर ने तैयार की है। उनकी कोशिश है कि जयपुर में अधिक से अधिक लोग आए और कार्यक्रम सफल रहे। तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। सीएम गहलोत की ओर से जश्न में शामिल होने वाले सरकारी कर्मचारियों को रात्रि भोज देने की व्यवस्था की जा रही है।
एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़ ने अपने सभी जिला इकाइयों को पत्र भेजकर इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में आने के निर्देश दिए हैं। जिला अध्यक्षों ने भी अपने-अपने जिलों में इस बात का प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है कि ओपीएस योजना कर्मचारियों के हित में है। सीएम हाउस पर होने वाले जश्न के कार्यक्रम में यह जताने का प्रयास होगा कि सीएम गहलोत की ओपीएस योजना के कारण हिमाचल और अब कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनी है। कर्मचारियों की ओर से यह घोषणा कराई जाएगी कि कर्मचारी राजस्थान में भी सीएम गहलोत सरकार को फिर से रिपीट कराएगा।