


राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं में विभिन्न कारणों से 31 जनवरी 2023 तक हुई रिक्तियों के उपचुनाव माह अप्रेल-मई, 2023 में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाए जा रहे हैं। रिक्तियों के अनुसार 4 जिला परिषद सदस्यों, 12 जिलों की 22 पंचायत समितियों के 24 पंचायत समिति सदस्यों, 22 जिलों की 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों एवं 33 जिलों में 471 वार्ड पंचों के लिए उपचुनाव की घोषणा की गई थी।
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त मधुकर गुप्ता सोमवार को आयोग के सभागार में आयोजित प्रेस कांफेंन्स को संबोधित कर रहे थें। उन्होंने बताया कि 4 जिला परिषद् सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। जिला परिषद सदस्यों के लिए संपन्न हुए उप चुनाव में कुल मतदान 32.79 प्रतिशत रहा। जिसमें सर्वाधिक 41.84 प्रतिशत मतदान जिला परिषद् डूंगरपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 3 में एवं न्यूनतम 21.28 प्रतिशत मतदान जिला परिषद अजमेर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 12 में दर्ज हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त आयुक्त ने बताया कि 24 पंचायत समिति सदस्यों में से 8 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं और पंचायत समिति नाचना, जैसलमेर के पंचायत समिति सदस्य संख्या 14 का उप चुनाव निरस्त किया गया है। शेष 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। पंचायत समिति सदस्यों के लिए संपन्न हुए उप चुनाव में कुल मतदान 53.59 प्रतिशत रहा है। जिसमें सर्वाधिक 73.05 प्रतिशत मतदान पंचायत समिति झुंझुनू, जिला झुंझुनू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 4 में एवं न्यूनतम 27.37 प्रतिशत मतदान पंचायत समिति टोडाभीम, जिला करौली के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 19 में रिकॉर्ड किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त गुप्ता ने कहा कि 22 जिलों के 48 ग्राम पंचायत सरपचों के उप चुनाव में 2 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं और 7 ग्राम पंचायतों के सरपंचों के उप चुनाव का बहिष्कार किया गया है। 2 ग्राम पंचायत सरपंचों का उप चुनाव न्यायालय स्थगन के कारण निरस्त किया गया है। शेष 37 ग्राम पंचायत सरपंचों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि इन उप चुनावों में कुल मतदान 66.47 प्रतिषत रहा। जिसमें सर्वाधिक 90.84 प्रतिषत मतदान ग्राम पंचायत पालपुर पंचायत समिति तिजारा, जिला अलवर में एवं न्यूनतम 2 प्रतिषत मतदान ग्राम पंचायत भूकासर पंचायत समिति लूणकरणसर, जिला बीकानेर में दर्ज किया गया है।
आयुक्त ने बताया कि 33 जिलों के 471 ग्राम पंचायत वार्ड पंच के उप चुनाव में से 329 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं और 90 वार्ड पंचों के उप चुनाव का बहिष्कार या नामांकन पत्र शून्य प्राप्त हुए हैं। 2 वार्ड पंचों का उप चुनाव निरस्त किया गया है तथा शेष 50 ग्राम पंचायत वार्ड पंचों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त गुप्ता ने बताया कि इन उप चुनाव में कुल मतदान 66.21 प्रतिषत रहा है। जिसमें सर्वाधिक 87.12 प्रतिशत मतदान ग्राम पंचायत रघुनाथपुरा पंचायत समिति उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनू की वार्ड संख्या 11 में एवं न्यूनतम 13.66 प्रतिशत मतदान ग्राम पंचायत कृष्णनगर कलां पंचायत समिति बाप, जिला जोधपुर की वार्ड संख्या 4 में रिकॉर्ड किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त गुप्ता ने बताया कि आयोग द्वारा 12 जिलों के 14 नगर निकायों के 14 वार्ड पार्षदों की भी घोषणा की गई थी। जिसमें से भरतपुर नगर निगम के वार्ड पार्षद संख्या 6 का उप चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त विभिन्न निकायों के 13 वार्ड पार्षदों के उप चुनाव भी शांतिपूर्ण संपन्न हुए। नगर निकायों में सम्पन्न हुए उप चुनावों में कुल मतदान 77.89 प्रतिषत रहा। जिसमें सर्वाधिक 92.12 प्रतिषत मतदान सीकर जिले की नगरपालिका रींगस के वार्ड संख्या 32 में एवं न्यूनतम 64.95 प्रतिषत मतदान अजमेर जिले की नगर परिषद् ब्यावर के वार्ड संख्या 55 में दर्ज किया है।