


पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि मैंने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की है और इसकी जंग आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह नीति किसी नेता को पसंद आए या नहीं आए भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए राजनीति में अच्छे लोगों का आना आवश्यक है और उनके आने से प्रदेश और देश की राजनीति स्वच्छ और बेदाग वाली बन पाएगी।
पायलट ने शनिवार को बाड़मेर में ढाई करोड़ की लागत से बने वीरेंद्र धाम 200 छात्रों के रहने के हॉस्टल के लोकार्पण और मूर्ति के अनावरण के मौके पर कहा कि राजनीति में वन मंत्री हेमाराम चौधरी जैसे कुछ ऐसे लोग हैं जो कि अपने कमाई को इस नेक कार्य में खर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमाराम जी का परिवार और उनकी पुत्री सुनीता ने यह ऐतिहासिक काम किया है जो कि निश्चित तौर पर यहां के युवाओं को आशा की नई किरण जगाने का काम करेगा।
पायलट ने कहा कि लोकतंत्र की कुर्सी पर अगर किसान का बेटा बैठेगा तो निश्चित तौर पर जो विरोधाभास की स्थिति पैदा हो रही है उसे दूर की जा सकती है । उन्होंने कहा कि आज आरक्षण में विसंगतियों को दूर करने में क्यों परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि हेमाराम चौधरी और हरीश चौधरी मिलकर के काम करेंगे तो निश्चित तौर पर यहां की बच्चों का हक मिलकर रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वन मंत्री हेमाराम चौधरी ने अपने जीवन के इतिहास के पन्ने खोलें और कहा कि मुझे राजनीति में लाने का श्रेय परसराम मदेरणा जी को जाता है।
उन्होंने कहा कि मैं जिसके साथ रहता हूं तो फायदा नुकसान की बात नहीं सोचता हूं और हमेशा उसके साथ ही रहता हूं। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष का नेता बनाने में केंद्रीय मंत्री रहे शीशराम ओला का विशेष योगदान रहा है। आप चाहे कोई भी कोई दावे करें लेकिन मैं उनके एहसान को कभी नहीं भूल सकता हूं और आज भी उनके परिवार के साथ खड़ा रहता हूं।
उन्होंने कहा कि मुझे यहां की जनता ने जो आशीर्वाद दिया उसी का परिणाम है कि आज मैं इन पदों पर रह सका हूं।
पंजाब के प्रभारी और बायतु से कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि हेमाराम जी का परिवार निश्चित तौर पर बधाई का पात्र है कि यहां की सभी जाति के लोगों के के बच्चों को पढ़ने के लिए यह हॉस्टल उपलब्ध कराया है। इससे निश्चित तौर पर समाज में एक नई जागृति पैदा होगी और आने वाले समय में यहां पढ़ने वाले बच्चे अपने पदों पर जाकर बाड़मेर का नाम ऊंचा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि आरक्षण को लेकर हम संघर्ष करते हैं लेकिन सरकार हमारी नहीं सुनती। उन्होंने आह्वान किया कि यहां के युवा आने वाले समय में अपने हकों के लिए संघर्ष करें और अपनी मांगों को मनवाने में सरकार को झुकाने का काम करें।
कार्यक्रम में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विधायक दीपेंद्र सिंह शेखावत, कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा, यातायात राज्यमंत्री बृजेंद्र ओला, होमगार्ड राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष विधायक खिलाड़ी लाल बेरवा, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी में हेमाराम चौधरी के कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें राजनीति में स्वच्छ छवि वाला नेता के कर संबोधित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के विधायक हरीश मीणा, राकेश पारीक, वेद सोलंकी, रामनिवास गावड़िया, पी आर मीणा, गिर्राज सिंह मलिंगा, मुकेश भाकर सहित विभिन्न नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।