


राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ की जा रही कार्यवाहियों के क्रम में मंगलवार को श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ पुलिस थाना क्षेत्र में पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा तस्करी कर लायी गई कुल 450 ग्राम हेरोइन बरामद कर 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एम एन ने बताया कि हेरोइन तस्करी का मोस्ट वांटेड तस्कर बूटा सिंह भी गिरफ्तार किया गया है। इन तस्करों पर सीआईडी क्राइम ब्रांच जयपुर की टीम करीब 2 माह से नजर रखे हुए थी। मुखबीर से सूचना मिलने पर एएसपी नरोत्तम वर्मा के सुपरविजन में इंस्पेक्टर राम सिंह के साथ हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा एवं हैड कॉन्स्टेबल भूपेन्द्र व कुलदीप को आसूचना संकलन हेतु गंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ भेजा गया था।
इनकी आसूचना पर पुलिस मुख्यालय से टीम गठित कर एएसआई शैलेन्द्र शर्मा मय हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरेश व संजय शर्मा को तस्करों की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिये बीकानेर इलाके में रवाना किया गया। सोमवार को विश्वसनीय सूचना मिलने पर मुख्यालय से टीमें गठित कर बीकानेर के आस पास रवाना की गई।
सूरतगढ थाना क्षेत्र में सूचनानुसार खेत सिंह निवासी चक एक, आर एम थाना पुगल, जिला बीकानेर व सुनील कुमार निवासी 820 आरडी, थाना पूगल जिला बीकानेर हाल थाना सूरतगढ जिला श्रीगंगानगर को उच्च क्वालिटी की 450 ग्राम हेरोईन मिलने पर गिरफ्तार कर थाना सूरतगढ शहर में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
उप महानिरीक्षक पुलिस क्राइम डॉ राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच ने 10 अप्रैल को जैसलमेर के पाक बॉर्डर पर की गई कार्रवाई में 35 करोड़ रुपए की हेरोइन तस्करी के मुख्य सप्लायर बूटा सिंह उर्फ प्रेम सिंह राजपूत निवासी नरसिंगार, थाना गडरा रोड, जिला बाडमेर को भी गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि 10 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने जैसलमेर के पाक बॉर्डर पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये लाई गई करीबन 35 करोड़ की हेरोइन बरामद की थी।उस समय चार तस्करो को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन मुख्य सरगना बूटा सिंह फरार चल रहा था। इसकी तलाश में क्राइम ब्रान्च की टीम उसी समय से लगा रखी थी। विशेष भूमिका :- कांस्टेबल भूपेन्द्र शर्मा, कुलदीप व रविन्द्र सिंह व डीएसटी श्रीगंगानगर |