


बाड़मेर जिले के थाना पचपदरा इलाके में घर में विधुत विभाग का कर्मचारी बनकर घर में महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर सोने की कंठी लूटने के प्रयास का 48 घण्टे में खुलासा कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि 24 अप्रैल को दोपहर करीबन 2-3 बजे के बीच में सरहद डउकियों का तला में स्थित पन्नाराम जाट के घर में अज्ञात मुलजिम विद्युत विभाग का कर्मचारी बनकर दिन दहाड़े गया। दिन में पन्ना राम की पत्नी को अकेला देख बिजली का बिल मंगवाया। बिल लेने महिला कमरे में जाने लगी तो मुल्जिम ने गले में पहनी कण्ठी लुटने के इरादे से चाकु से जानलेवा हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आस-पड़ोस से लोगों को आता देख आरोपी घर की चारदिवारी कुद मोटरसाईकिल लेकर भाग गया।
दिनदहाड़े महिला पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले को एसपी दिगंत आनन्द द्वारा गम्भीरता से लेते हुए घटना के अज्ञात मुलजिम की तलाश के लिए एएसपी सुभाष चन्द खोजा व सीओ मदन लाल मीणा के सुपरविजन तथा एसएचओ सुरा राम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
गठित टीमों ने आसूचना व तकनीकी मदद से अज्ञात आरोपी को नामजद करते हुए गुरुवार को मुलजिम को बापर्दा गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा क्राईम पेट्रोल सिरियल देखकर विधुत विभाग का कर्मचारी बनकर लूट की योजना बनाना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण में गहनता से अनुसंधान और पूछताछ की जा रही है।