

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए लाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार की योजनाओं में युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों एवं महिलाओं सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई की मार से जनता को बचाने के लिए राज्य सरकार द्वारा महंगाई राहत कैम्प लगाए जा रहे है।
सीएम गहलोत गुरूवार को श्रीगंगानगर के गणेशगढ़ में महंगाई राहत कैम्प में आए लाभार्थियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन कैम्पस के माध्यम से आमजन को महंगाई से राहत मिलेगी और परिवार की बचत भी बढ़ेगी। महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण करते हुए श्री गहलोत ने लाभार्थियों से संवाद किया एवं योजनाओं की जानकारी दी। श्री गहलोत ने कहा कि देश के संविधान निर्माताओं ने मतदान का अधिकार देकर जनता को लोकतंत्र में सर्वोपरी बनाया है।
किसानों और पशुपालकों को मिल रही राहत
सीएम गहलोत ने कहा कि किसानों के लिए अलग बजट पेश करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना के तहत किसानों को 2000 यूनिट तक निःशुल्क बिजली का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को लम्पी रोग से मृत दुधारू पशुओं के लिए प्रति गाय 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के तहत प्रति पशुपालक अधिकतम 2 दुधारू गौवंशीय पशुओं का 40-40 हजार रुपए का बीमा किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें भैंसों को भी शामिल किया गया है।
1.35 करोड़ महिलाओं को मिलेंगे डेटा युक्त स्मार्टफोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.35 करोड़ महिलाओं को चरणबद्ध रूप से 3 साल के इंटरनेट डेटा युक्त स्मार्टफोन निःशुल्क दिये जाएंगे। प्रथम चरण में 40 लाख महिलाओं को निःशुल्क स्मार्टफोन देने का कार्य रक्षाबंधन से शुरू किया जाएगा। बेरोजगारी से राहत देने के लिए राज्य सरकार द्वारा युवाओं को 3.5 लाख नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीगंगानगर में संचालित महंगाई राहत कैम्प का भी अवलोकन किया एवं उपस्थित लाभार्थियों से बातचीत की।
पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगभग 92 प्रतिशत बजट घोषणाएं पूरी कर दी गई हैं। आमजन को राहत देने में राजस्थान अग्रणी है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों से सभी जरूरतमंदों तक राहत पहुंच रही है। कार्यक्रम में राजस्थान स्टेट एग्रो इण्डस्ट्रीज डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष रामेश्वर डूडी, केशकला बोर्ड के अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत, शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष डूंगरराम गेदर, विधायक राजकुमार गौड़ एवं श्री जगदीशचन्द्र जांगिड़ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।