


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर महंगाई राहत कैम्प के पंजीकरण पोर्टल एवं वेबसाइट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में प्रदेशवासियों को अधिकतम राहत देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार आयुक्त आशीष गुप्ता ने महंगाई राहत कैम्प के पंजीकरण पोर्टल एवं वेबसाइट के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण पोर्टल एवं वेबसाइट पर 10 योजनाओं की विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची, कैंप में पंजीकरण कराने से संबंधित उपयोगी फोटो-वीडियो गैलरी तथा सामान्य तौर पर पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची उत्तर सहित उपलब्ध होगी। कैंप से संबंधित आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक जिले के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर भी वेबसाइट पर मिल सकंगे।
कार्यक्रम में आयोजना मंत्री श्रीमती ममता भूपेश, मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप राका,अतिरिक्त मुख्य सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव आयोजना भवानी सिंह देथा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।