


जयपुर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 21 अप्रैल को रोजगार सृजन कैंप लगने जा रहा है। जिसकी तैयारियों को लेकर जयपुर से भाजपा सांसद रामचरण बोहरा ने झालाना डूंगरी स्थित खादी ग्राम उद्योग आयोग के कार्यालय में शुक्रवार को बैठक ली। बैठक में खादी ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन मनोज कुमार, जयपुर के जिला प्रमुख, प्रधान और सरपंच उपस्थित रहे।
भाजपा सांसद बोहरा ने कहा कि 21 अप्रैल को जयपुर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत रोजगार सृजन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसका मुख्य मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें स्वयं का रोजगार स्थापित करने में ऋण के माध्यम से मदद उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाह रहे हैं और पैसे की कमी से उन्हें परेशानी आ रही है उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, इस ऋण पर सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी। पहले इन कैंपों का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा फिर हर विधानसभावार शहरी क्षेत्र में भी ऐसे ही कैंप आयोजित किए जाएंगे।