


यूएसए, रशिया और इंडोनेशिया से आयातित महंगे कोल में बड़े पैमाने पर मिलावट कर चोरी करने के गोरखधंधे का सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच ने 6 जिलों में एक साथ 13 स्थानों पर छापे मारकर आयातित और मिलावटी कुल 1850 टन कोयला सहित 30 वाहन और मशीनें इत्यादि बरामद कर 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 11 मुकदमे दर्ज किए हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि डिटेन किए गए इन आरोपियों द्वारा वर्षभर में करीब 1000 करोड रुपए के आयातित कोयले की चोरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा बुधवार को डीआईजी क्राइम डॉ राहुल प्रकाश की मॉनिटरिंग में बाड़मेर, बीकानेर, जालौर, जोधपुर ग्रामीण, जोधपुर कमिश्नरेट और पाली जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 13 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि यूएसए, रशिया और इंडोनेशिया से भारत आने के बाद माफिया बड़े पैमाने पर कोयले में मिलावट कर रहे थे। बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक चली रेड में पुलिस ने अवैध रूप से भंडार किया हुआ उच्च क्वालिटी व मिलावटी कुल 1850 टन कोयला, 13 ट्रेलर,, 4 एलएनटी, 5-5 जेसीबी व ट्रैक्टर लोडर, 2 स्कॉर्पियो और 1 कैंपर गाड़ी के साथ 7 धर्म कांटे, 3 कटर मशीन, 2 डीजल मशीन सील व वायर पैकेट जब्त किये है। इस कार्रवाई के बाद 11 मुकदमे दर्ज कर 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
डीआईजी क्राइम डॉ. राहुल प्रकाश ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम वर्मा के सुपरविजनऔर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल, यश्विनी, गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, सुभाष शर्मा, हरिराम कुमावत और नेम सिंह के निर्देशन में मुख्यालय से टीमें गठित की गई। गठित टीम द्वारा बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक जिला पुलिस के सहयोग से अलग-अलग 13 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
डीआईजी डॉ. प्रकाश ने बताया कि बाड़मेर जिले में 3 प्रकरण दर्ज कर 7 व्यक्ति, जालौर में 3 प्रकरण दर्ज कर 2 व्यक्ति, पाली में 1 प्रकरण दर्ज कर 5 व्यक्ति, जोधपुर ग्रामीण में 2 प्रकरण दर्ज कर 5 व्यक्ति, जोधपुर कमिश्नरेट में 1 प्रकरण दर्ज और बीकानेर में एक प्रकरण दर्ज कर 3 व्यक्ति डिटेन किए गए। इस प्रकार कुल 11 एफ आई आर दर्ज करवाई जाकर 22 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।