


राज्य सरकार ने प्रदेश के कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी पर इनामी राशि में वृद्धि की है। अब ऐसे फरार अपराधियों पर पुलिस महानिदेशक 5 लाख तक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) 1 लाख तक, पुलिस रेंज महानिरीक्षक 50 हजार तक और जिला पुलिस अधीक्षक 25 हजार तक की इनामी राशि की घोषणा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में इनामी राशि में वृद्धि के निर्देश दिए थे। इस निर्णय से आमजन की मदद से कुख्यात अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा। गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 के बाद इनाम राशि में अब बढ़ोतरी की गई है।
अधिकारी स्तर - पहले - अब
पुलिस महानिदेशक- 1 लाख - 5 लाख
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक- 50 हजार - 1 लाख
पुलिस रेंज महानिरीक्षक- 10 हजार - 50 हजार
जिला पुलिस अधीक्षक- 5 हजार - 25 हजार