


दौसा जिले केबांदीकुई थाना पुलिस की टीम ने देर रात एटीएम से सेक्सटॉर्शन से अर्जित ठगी की रकम निकालते एक साइबर ठग को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 अलग-अलग बैंकों व लोगों के एटीएम कार्ड, एक क्यूआर कोड स्कैनर तथा एटीएम से निकाली गई साइबर ठगी की रकम 3.50 लाख रुपये बरामद किए हैं।
एसपी संजीव नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूरण सिंह मीना पुत्र धर्म सिंह मीना (23) गढ हिम्मतसिंह पुलिस थाना मंडावर जिला दौसा का रहने वाला है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में शुक्रवार को कॉन्स्टेबल नेमीचंद की आसूचना पर थाना बांदीकुई पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
आसूचना में कोट महवा और मेवात की तरफ रहने वाले कुछ युवक लोगों से ठगी कर अपने बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करवा कर नगद पैसा निकालने की जानकारी मिली। बांदीकुई क्षेत्र में एटीएम मशीन से इन युवकों द्वारा पैसे निकालने जाने के इनपुट पर एएसपी लालचंद कयाल, सीओ उदय सिंह मीणा व एसएचओ नरेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर बैंक और एटीएम बूथ के पास निगरानी रखी गई।
गश्त के दौरान रात 12:00 बजे बाद एक युवक सिकंदरा रोड स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के एटीएम के सामने खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। डिटेन करने के बाद पूछताछ की तो उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। तलाशी में मिले 5 एटीएम कार्ड, क्यू आर कोड स्कैनर और रकम के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो उसने सेक्सटॉर्शन की रकम होना बताया।
ठग अनपढ़-बेरोजगार को लालच देकर सिम प्राप्त कर बैंक खाते खुलवाते
एसपी नैन ने बताया कि साइबर ठग अनपढ़ और बेरोजगार लोगों को झांसे में लेकर उनके नाम से जारी सिम से व्हाट्सएप चालू कर लेते हैं तथा लालच देकर उन्ही के व्यक्तिगत डाटा से विभिन्न बैंकों में खाता खुलवा एटीएम और चेक बुक अपने पास रखते हैं।
महिला की डीपी लगा फांसते
साइबर ठग लालच देकर प्राप्त की गई सिम से व्हाट्सएप अकाउंट बना उस पर महिला की डीपी लगाते। ट्रूकॉलर पर भी लड़की का नाम ही प्रदर्शित करते। उसके बाद Hi.... Hello भेज कर चैटिंग स्टार्ट की जाती है। कुछ समय बाद वीडियो कॉलिंग कर अश्लील वीडियो बना वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की डिमांड करते हैं। इज्जत के भय से अधिकांश इनके कहे अनुसार रकम ट्रांसफर करा देते हैं।