Saturday, 29 August 2026

सीएम गहलोत ने श्री गुरू नानक देव सिख कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी


सीएम गहलोत ने श्री गुरू नानक देव सिख कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बैशाखी पर्व के अवसर पर श्री गुरू नानक देव सिख कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी है। बोर्ड सिख समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक उन्नयन  के लिए विभिन्न कार्य संपादित करेगा। अल्पसंख्यक मामलात विभाग द्वारा बोर्ड के गठन के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बोर्ड का उद्देश्य सिख समुदाय के विभिन्न वर्गों के लोगों के उत्थान के लिए योजनाएं प्रस्तावित करना और रोजगार को बढ़ावा देने के संबंध में सुझाव देना है।

बोर्ड सिख समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी सुझाव देगा। इसके साथ ही बोर्ड सिख समुदाय की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने और समुदाय के परम्परागत व्यवसायों को आधुनिक रूप देने के लिए भी सुझाव देगा। अधिसूचना के अनुसार बोर्ड सामजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक योजनाओं में सिख समुदाय की भागीदारी, समुदाय के लिए नवीन योजनाओं की प्रगति और इनके क्रियान्वयन में आ रही कठिनाईयों और समाधान हेतु निरंतर समीक्षा करेगा।

श्री गुरू नानक देव सिख कल्याण बोर्ड का प्रशासनिक विभाग अल्पसंख्यक मामलात विभाग होगा। बोर्ड में सात गैर सरकारी सदस्य होंगे जिनमें एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष और पांच सदस्य शामिल होंगे। साथ ही, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि इसमें सदस्य के रूप में शामिल होंगे। बोर्ड के सचिव पद पर अल्पसंख्यक मामलात विभाग के उपनिदेशक स्तर का अधिकारी कार्य संपादित करेगा।



    Previous
    Next

    Related Posts