


भाजपा के जन आक्रोश प्रदर्शन के दौरान बुधवार को अलवर में केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल की मौजूदगी में पुलिस ने स्थानीय विधायक संजय शर्मा और भाजपा नेताओं पर लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज में विधायक संजय शर्मा घायल हो गए इसके बाद केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री मेघवाल को अपने नेताओं के साथ धरना देने को मजबूर होना पड़ा। एसपी आनंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर भाजपा नेताओं से बातचीत की और उन्होंने पुलिस लाठीचार्ज का वीडियो देखते हुए 4 पुलिस जवानों को चिन्हित कर एपीओ करने का निर्णय किया। उन्होंने पुलिस की ओर से माफी मांगी और कहा कि यह जवान जयपुर से आए थे ऐसे में विधायक को नहीं पहचानते थे इसके कारण यह घटना घटी है। इस पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया। भाजपा के नेता जन आक्रोश रैली के बाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे जहां पर पुलिस ने भाजपा के नेताओं को लाठीचार्ज कर खदेड़ा। इस लाठीचार्ज में आधा दर्जन नेता के चोटे आई है। इसके बाद धरना प्रदर्शन शुरू हो जाएगा स्थिति ना बिगड़े यही कारण रहा कि एसपी ने समय रहते हुए मामले को संभाला और निचले स्तर पर कार्रवाई कर भाजपा नेताओं को संतुष्ट करने का प्रयास किया। कंपनी बाग में आयोजित सभा में केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, सांसद बालक नाथ, विधायक संजय शर्मा और मनजीत चौधरी के अलावा पूर्व मंत्री हेम सिंह पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव, मंगल राम कोली, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, रामहेत यादव, बनवारीलाल सिंघल, जयराम जाटव, मामनसिंह यादव , भाजपा जिला प्रभारी लक्ष्मीकांत भारद्वाज रोशन सैनद , जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, उम्मेद भाया, संदीप दायमा, पं धर्मवीर शर्मा, मोहित यादव, सुनीता मीणा , सुखवंत सिंह, इंद्रजीत पाटा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि भाजपा विधायक संजय शर्मा बैरिकेड पर चढ़े और कलेक्ट्रेट पर जाने का प्रयास किया। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भाजपा विधायक संजय शर्मा सहित कई नेता घायल हो गए ।