


जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 7 मार्च शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जयपुर शहर से भाजपा सांसद रामचरण बोहरा ने जल जीवन मिशन योजना की धीमी प्रगति को लेकर नाराजगी प्रकट की और कहा कि जयपुर शहर के मोहल्ले में एक घर को कनेक्शन देकर अधिकारी वाहवाही लूट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा है कि हर घर नल पहुंचे लेकिन जिस गति से जिला प्रशासन काम कर रहा है उसे लगता है कि यह योजना कारगर नहीं हो पा रही है। उन्होंने जिला कलेक्टर को स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
भाजपा सांसद बोहरा ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत जो काम चल रहे हैं उसकी स्थिति भी खराब है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भारी अनियमितताएं हो रही है। उन्होंने परकोटे के जोहरी बाजार में बिजली के खंभों पर लग रहे सूर्यचिन्ह को हटाने की घटनाओं के लिए कलक्टर को संज्ञान लेने के लिए कहा कि किसी भी सूरत मे जयपुर के हेरिटेज लुक से छेड़छाड़ ना की जाए।
बैठक मे जयपुर ग्रामीण से भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड, विधायक निर्मल कुमावत और जिला प्रमुख श्रीमती रमा चौपड़ा सहित कई जन प्रतिनिधी एवं अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।