


ग्रेटर नगर निगम क्षेत्र में 563 डेयरी बूथ के लिए आए आवेदनों की गुरुवार को दोपहर में लॉटरी निकाली गई। एक बूथ के लिए 4 आवेदकों को शॉर्टलिस्ट किया है इन चयनित किए गए लोगों को अब 10 अप्रैल से साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय में कमिश्नर महेन्द्र सोनी और एडिश्नल कमिश्नर प्रवीण मील की मौजूदगी में लॉटरी निकाली गई। ग्रेटर नगर निगम में 563 डेयरी बूथ के लिए कुल 19 हजार 905 आवेदन आए थे। इन आवेदनों की स्क्रूटनी करने के बाद 7 हजार से ज्यादा आवेदनों को रिजेक्ट करके शेष 11 हजार 235 आवेदनों में से लॉटरी निकाली जाएगी।
ग्रेटर नगर निगम में गुरुवार को जो लॉटरी निकाली उसमें 563 का चार गुना यानी 2252 लोगों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। लॉटरी श्रेणीवार (एसटी, एससी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और सामान्य) निकाली गई। क्योंकि बूथ भी श्रेणीवार रिजर्व किए गए है। इन चयनित किए गए आवेदकों को अबशीघ्र ही साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और साक्षात्कार में मिलने वाले नंबर (अंक) के आधार पर आवंटन किया जाएगा यानी जिनके ज्यादा नंबर आएंगे उसको बूथ आवंटित किया जाएगा।
डेयरी बूथ आवंटन के लिए नगर निगम ने चिह्नित की 563 जगह में से 422 जगह के लिए ट्रेफिक पुलिस ने एनओसी जारी कर दी है, लेकिन 141 जगहों के लिए अब तक एनओसी जारी नहीं की। बुधवार को नगर निगम ग्रेटर के कमिश्नर महेन्द्र सोनी ने डीसीपी ट्रेफिक को पत्र लिखकर 141 चिह्नित जगहों के लिए एनओसी मांगी है।