


महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएस) अजमेर में तृतीय वर्ष फिजिक्स और बॉटनी के पेपर परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप पर वायरल होने से हड़कंप मच गया । विश्वविद्यालय प्रशासन ने जिसको गंभीरता से नहीं लिया जबकि पेपर आउट की स्थिति बनी हुई।
एमडीएस विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक सुब्रतो दत्त ने बताया कि बुधवार को ही एमडीएस यूनिवर्सिटी की बीएससी की परीक्षा शुरू हुई है। दोपहर 3 इन परीक्षाओं का पेपर शुरू हुआ था और इसी दौरान मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि पेपर व्हाट्सएप और अन्य माध्यम से लीक हो गया है। यह पेपर बाहर वाट्सएप पर स्टूडेंट्स और मीडिया को कैसे मिला और हूबहू है या नहीं ? इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। अगर पेपर सेम होता है तो फिर इस मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भगवान सिंह चौहान ने बताया कि एमडीएस विश्वविद्यालय में पहले भी पेपर लीक हुए और बुधवार को भी बॉटनी और फिजिक्स का पेपर परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया पर सामने आ गया। अजमेर संभाग के करीब 60 से 65 कॉलेजों में यह परीक्षा चल रही है। जहां 20000 से 25000 परीक्षार्थी इस परीक्षा को देने पहुंचे और परीक्षा दे रहे हैं। लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मामले में अब तक कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया है । दोनों पेपर्स का ओरिजनल से मिलान किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि अब तक किसी भी कॉलेज की ओर से शिकायत नहीं मिली है । शिकायत मिलती है, तो मामले में कार्रवाई की जाती है।