


जयपुर में लोक परिवहन बसों ने सोमवार को विश्वकर्मा और बनीपार्क इलाके में दो जनों की जान ले ली। अलग-अलग जगहों पर हुए दोनों हादसों में बाइक सवार युवक थे। हादसे के बाद दोनों ड्राइवर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए।
दुर्घटना थाना (वेस्ट) थानाप्रभारी नारायण सिंह ने बताया कि पहला हादसा सुबह करीब 7:30 बजे वीकेआई इलाके में रोड नंबर 12 पर हुआ। सीकर की ओर से आ रही लोक परिवहन बस ने चौराहे पर घूम रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में भांकरोटा स्थित नृसिंहपुरा निवासी विजय चौधरी गंभीर घायल हो गए। सड़क दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने गंभीर हालत में विजय चौधरी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा दोपहर करीब 2 बजे बनीपार्क इलाके में हुई। बिंदायका स्थित डाबर की ढाणी निवासी गोविंद नारायण चौधरी बाइक से पानीपेच तिराहा से जा रहे थे। इसी दौरान लोक परिवहन की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर बस छोड़कर भाग निकला। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नारायण चौधरी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने दोनों बसों को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।