


बाड़मेर में रविवार-सोमवार देर रात नाकाबंदी तोड़कर भागी फोर्स क्रूजर गाड़ी और एस्कॉर्ट कर रही बाइक का पीछा कर समदड़ी थाना पुलिस द्वारा बाइक सवार तस्कर केसाराम जाट निवासी चवा नाडा थाना बायतु को गिरफ्तार कर गाड़ी से 16 कट्टे में भरा 279 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। फोर्स क्रूजर गाड़ी का चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएसपी नितेश आर्य और सीओ श्रीमती नीरज शर्मा के सुपरविजन में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत एसएचओ समदड़ी शारदा विश्नोई मय जाब्ता द्वारा देर रात गांव करमावास सिवाना रोड पर नाकाबंदी की गई थी।
नाकाबंदी के दौरान पाली रोड की तरफ से आ रही फोर्स क्रूजर गाड़ी और उसे एस्कोर्ट कर रही बाइक का चालक नाकाबंदी तोड़ तेज गति से सिवाना की ओर भागने लगे। पीछा करने पर दोनों गाड़ियों के चालक गाड़ी को रोड पर छोड़कर भागने लगे, बाइक सवार को टीम ने पकड़ लिया, क्रूजर गाड़ी का चालक अंधेरे में ओझल हो गया। गाड़ी की तलाशी में 16 कट्टों से 279 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी केसाराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।