


भाजपा कोर कमेटी की रविवार को संपन्न हुई बैठक के बाद प्रभारी और संगठन महामंत्री अरुण सिंह नवनिर्वाचित प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के सरकारी निवास पर पहुंचे। वहां आपसी बातचीत कर पार्टी में एकता का संदेश दिया । राजे के निवास पर प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ ने गुलदस्ता देकर स्वागत किया। यही नहीं प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी उन्हें दुपट्टा पहनाकर उनकी शुभकामनाओं के लिए आभार जताया।
राष्ट्रीय प्रभारी अरुण सिंह का राजे ने स्वागत किया और उन्होंने लंबी बातचीत की। लंबे अरसे के बाद यह पहला मौका था जब प्रभारी अरुण सिंह प्रतिपक्ष के नेता और प्रदेश अध्यक्ष के साथ वसुंधरा के सरकारी निवास पर गए और उनसे पार्टी के बारे में विस्तार से चर्चा की । यही माना जा रहा है कि अब राजे से जो पुराने शिकवे शिकायत थी उसे दूर करने का प्रयास भी किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में निश्चित तौर पर राज्य के लोगों को भी समायोजित किया जाएगा । अब तक संगठन के कार्यक्रमों से राजे ने दूरी बना रखी थी अब यह दूरी खत्म होने की स्थिति बनेगी ।
8 माह बाद होने वाले विधानसभा के चुनाव को देखते हुए वसुंधरा से यह मुलाकात निश्चित तौर पर भाजपा की राजनीति में एक नया संदेश देने का काम करेगी। अब तक जो गुटबाजी थी वह भी खत्म होने के आसार भी बन सकते हैं। फिलहाल पहली मुलाकात में तो आपसी बातचीत का सिलसिला ज्यादा रहा अब आगे की रणनीति को लेकर किस प्रकार की बैठकर होगी यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा। लेकिन यह बात सही है कि फिलहाल भाजपा में गुटबाजी पर कुछ अंकुश भी लग सकता है।