


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अर्जुन अवार्ड से सम्मानित पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे। सलीम ने गुजरात के जामनगर में आखिरी सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महान भारतीय क्रिकेटर सलीम दुरानी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक ट्वीट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- सलीम दुर्रानी जी क्रिकेट के दिग्गज थे, अपने आप में एक संस्था थे। उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैदान पर और मैदान से बाहर, वह अपनी शैली के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।
सीएम गहलोत ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि उनके निधन से क्रिकेट जगत और राजस्थान को एक अपूरणीय क्षति हुई है। राजस्थान व भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। सीएम गहलोत ने कहा कि दुर्रानी ने भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी प्रतिभा से कई मैच जिताए। उनका राजस्थान से खास लगाव रहा। उन्होंने वर्ष 1956-1978 तक राजस्थान के लिए रणजी मैच खेले हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान के खेल प्रोत्साहन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए बजट 2023-24 में उनके नाम से प्रत्येक संभाग में सलीम दुर्रानी आवासीय स्पोर्ट्स स्कूल स्थापित करने की घोषणा की गई है। इन पर 105 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
सीएम गहलोत ने परवरदिगार से मरहूम की मगफिरत एवं जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करने और उनके परिवारजनों एवं चाहने वालों को सब्र-ए-जमील अता करने की दुआ की।