


भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मीडिया से संबोधित करते हुए कहा कि जयपुर बम ब्लास्ट के मामले में हाईकोर्ट में सरकार ने प्रभावी पैरवी नहीं की, जबकि कांग्रेस सरकार में संकट में आती हैं तो अपने को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के बड़े वकील खड़े करती हैं। इस केस में तो सरकार द्वारा नियुक्त अतिरिक्त महाअधिवक्ता ने कई दिनों तक पैरवी नहीं की, सवाल उठता है ऐसा उन्होंने किसके कहने पर किया।
सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बांटने की राजनीति की है, 1984 में सिख भाई-बहनों का नरसंहार कांग्रेस के शासन में हुआ, आतंकवादियों को प्रश्रय व सरंक्षण कांग्रेस सरकार के समय हुआ। शांति प्रिय राजस्थान में साढ़े चार वर्ष में सौहार्द बिगाडने वाले लोगों को सरकार संरक्षण मिला हुआ है, कांग्रेस सरकार के खत्म होते जनाधार के कारण मुख्यमंत्री गहलोत कभी तुष्टिकरण की राजनीति करते है, कभी खालिस्तान की बात करते है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि सीएम गहलोत 2023 के विधानसभा चुनाव में 156 सीट जीतने की बात करते है, जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दो बार के कार्यकाल में विधानसभा की 21 और 56 सीटें ही कांग्रेस जीत पाई और प्रदेश के आज के हालात देखकर लगता है कि अबकी बार 21 सीट भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा 2018 के चुनाव में किसानों से किये गए ऋण माफी का वादा, बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता, संविदाकर्मियों को नियमितिकरण का वादा, कानून व्यवस्था, अपराध को रोकने एवं महिला सुरक्षा का वादा इत्यादि गहलोत सरकार ने पूरा नहीं किया। राजस्थान की जनता कांग्र्रेस सरकार को 2023 के विधानसभा चुनाव में जवाब देगी, भाजपा को प्रचंड जनादेश मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने डॉ. पूनिया और राजेंद्र राठौर से की शिष्टाचार मुलाकात
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने शुक्रवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और भाजपा विधायक दल के उप नेता राजेंद्र राठौड़ के निवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की। जोशी ने दोनों नेताओं से प्रदेश के राजनीतिक हालात के बारे में विस्तार से चर्चा की और दोनों नेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए सहयोग मांगा।