Saturday, 29 August 2026

2 लाख लाभार्थियों से किया संवाद, हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य: गहलोत


2 लाख लाभार्थियों से किया संवाद, हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। पहले जहां राजस्थान की एक पिछड़े राज्य की छवि थी, वहीं आज राजस्थान एक मॉडल स्टेट के रूप में तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।  

सीएम गहलोत गुरूवार को राजस्थान दिवस पर जयपुर में आयोजित लाभार्थी उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन को निःशुल्क शिक्षा, पानी, बिजली, राशन, स्वास्थ्य बीमा, जांच, दवाई, उपचार के साथ 1 करोड़ लोगों को पेंशन, नए स्कूल, कॉलेज, सड़कों, सस्ते गैस सिलेंडर आदि जनहितैषी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। 

सीएम गहलोत ने कहा किआमजन को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हों इसलिए 181 हैल्पलाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 200 से बढ़ाकर 1000 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में 19 नए जिले बनाए गए हैं, ताकि छोटी प्रशासनिक इकाईयों के माध्यम से बेहतर सुशासन दिया जा सके।

सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जानी चाहिए ताकि राज्य में कोई भी पात्र व्यक्ति इनके लाभों से वंचित न रहे। उन्होंने आमजन से राजस्थान को 2030 तक देश में नंबर वन राज्य बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।  सीएम गहलोत ने कहा कि 2030 तक प्रदेश के प्रत्येक परिवार की सम्पन्नता के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है ताकि हर राजस्थानी देश की अग्रिम पंक्ति में आ सके। 

इस अवसर पर सीएम गहलोत ने प्रदेशभर से जुड़े लाभार्थियों से संवाद किया। राज्य के सभी जिलों से लगभग 2 लाख लाभार्थी वीसी के माध्यम से एवं प्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम से जुड़े। 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार गरीब को गणेश मानकर उनकी सेवा करने का कार्य कर रही है। राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए ताकि कोई इनके लाभों से वंचित ना रहे। 

मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का लक्ष्य एवं संकल्प होना चाहिए। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। 

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल, जलदाय मंत्री डॉ.  महेश जोशी, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, विधायक श्रीमती गंगा देवी, रफीक खान, आलोक बेनीवाल, अमीन कागजी, डॉ. राजकुमार शर्मा, जयपुर हैरिटेज महापौर श्रीमती मुनेश गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व विभाग श्रीमती अपर्णा अरोरा, प्रमुख शासन सचिव, ऊर्जा विभाग भास्कर ए. सावंत सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।  




Previous
Next

Related Posts