


उदयपुर के पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने सुखाड़िया विश्वविद्यालय के एमबी कॉलेज ग्राउण्ड में 1 अप्रैल से 3 अप्रैल को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय निःशुल्क योग महोत्सव ‘हर दिल ध्यान-हर दिन ध्यान‘ में भाग लेने की अपील की। अपने विडियो अपील के जरिये उदयपुर के जिला कलक्टर ताराचंद मीना; जिला एसडीएम ओम प्रकाश बुनकर, पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लाम्बा; पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, बच्चों, महिलाओं एवं शहरवासियों से समय निकाल कर इस आयोजन में हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि यह योग महोत्सव सभी के लिए उपयोग साबित होगा।
योग हमारी जीवन शैली का अंग होना चाहिए, इसकी जागरूकता लाने के लिए श्री राम चंद्र मिशन और हार्टफुलनेस संस्थान के साथ मिलकर यह योग महोत्सव संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित किया जा रहा है। हम सभी को स्वस्थ्य रहने, शारारिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाये रखने के लिए योग को अपने जीवन में उतारने की चेष्टा करनी चाहिए। विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा का समय है और योग उनके परीक्षा के तनाव प्रबंधन में सहायक होगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने योग महोत्सव का पोस्टर लांच किया था और अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने का आवाहन किया था। यह योग महोत्सव एयू स्मॉल फायनेंस बैंक एवं सुखाड़िया विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
योग महोत्सव समन्वयक, आरएएस मुकेश कुमार और उदयपुर हार्टफुलनेस संस्थान के समन्वयक डॉ. राकेश दशोरा ने बताया कि यह योग महोत्सव एमबी कॉलेज ग्राउण्ड में 1 से 3 अप्रैल को प्रातः 6ः15 बजे से प्रातः 8 बजे और 1 एवं 2 अप्रैल को सायं 6 से सायं 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि योग महोत्सव के दौरान मधुमेह, तनावमुक्ति, हाइपर टेन्शन, एंजाईटी, आदि के समाधान के लिए योग, आसन, मुद्रा के साथ-साथ यौगिक प्राणाहुतियुक्त ध्यान, बच्चों की मानसिक क्षमता बढ़ाने के लिए ब्राइटर मांइड्स का प्रदर्शन एवं पोलेरिटी के स़त्र आयोजित होंगे।
राजस्थान के हार्टफुलनेस संस्थान के समन्वयक, विकास मोघे और उदयपुर जोन समन्वयक, मधु मेहता ने बताया कि सामाजिक सरोकर को समर्पित एयू फाउंडेशन के सहयोग से उदयपुर के अतिरिक्त इसी प्रकार के योग महोत्सव का आयोजन 15 अगस्त तक जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, सागवाड़ा, अलवर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा, आदि विभिन्न शहरों में किया जायेगा, जिसमें 1 लाख से अधिक लोग भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि जयपुर एवं सीकर में 3 दिवसीय योग महोत्सव 17 मार्च को आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। उदयपुर में आयोजित योग महोत्सव के लिए पंजीकरण का विवरण https://hfn.link/hdd पर उपलब्ध है।