


राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन बृजकिशोर शर्मा ने बताया कि राज्य में खादी के कतिनों एवं कारीगरों को विशेष प्रशिक्षण देकर उनसे दैनिक जीवन में पहने जाने वाले परिधान तैयार करवाए जा रहे हैं। फैशन शो के माध्यम से खादी में किए गए इन्हीं नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने बताया कि फैशन शो एवं खादी उत्पादों का प्रदर्शन दिनांक 29 मार्च 2023 को जवाहर कला केन्द्र के मध्यवर्ती मुक्ताकाश मंच पर सांयकाल 6 बजे से शुरू होंगे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, समाज कल्याण बोर्ड राजस्थान की अध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा, राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामेश्वर डूडी, मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा सहित राजस्थान सरकार के कई अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) श्रीमती वीनू गुप्ता ने बताया कि इस खादी फैशन शो में दो सीक्वेंस होगी, जिसमें युवा मॉडल्स राजस्थान की खादी की विशेषताओं को रैंप पर शोकेस करेंगे। राजस्थान के विभिन्न जिलों की खादी में तैयार कैजुअल, ऑफिस वियर, पार्टी वियर ड्रेसेज इस फैशन शो में विशेष तौर पर प्रदर्शित होंगे। फैशन शो में जैसलमेर की पट्टू, मेरिनो वूलन खादी, जैविक खादी पॉली वस्त्र आदि फैब्रिक्स से बनाए गए परिधान शोकेस किए जाएंगे।
फैशन शो की ओपनिंग मिस्टर वर्ल्ड का खिताब जीत चुके सुपर मॉडल व एक्टर राजीव सिंह करेंगे। खादी फैशन शो में राजस्थान की कई जानी-मानी हस्तियां भी रैंप पर कैटवॉक करती नजर आएंगी, जिनमें शिक्षाविद जयश्री पेरीवाल, जयपुर के पूर्व राजपरिवार के महाराज नरेंद्र सिंह, टेक एंटरप्रेन्योर अजय डाटा, इंटरनेशनल शूटर विवान कपूर, सेलिब्रिटी इनफ्लूएंसर मार्शेला बोर, अपरा कुच्छल, अलका बत्रा, ध्रुवपाल गोदारा, पुष्पेंद्र भारद्वाज आदि प्रमुख हैं।
राजस्थान खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के सचिव ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने बताया कि जवाहर कला केन्द्र में खादी के विभिन्न उत्पाद और खादी वस्त्र डिस्प्ले किए जाएंगे।