


राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) ने सोमवार को सरस घी की कीमतों में 15 से लेकर 20 रुपए की बढ़ोतरी है। ये बढ़ी हुई दरें तत्काल मंगलवार से ही लागू कर दी गई हैं। नई दरें लागू होने के बाद राजस्थान में साधारण सरस घी का एक लीटर पैक अब 573 रुपए में मिलेगा।
आरसीडीएफ के मैनेजर विनोद गेरा ने बताया- साधारण सरस घी का एक लीटर के पैक पर 15 रुपए की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद आज से सरस घी का एक लीटर पैक 558 के बजाए 573 रुपए में मिलेगा। सरस का 15 लीटर या 5 लीटर के टिन पैक में प्रति किलोग्राम 20 रुपए का इजाफा हुआ है। इस तरह टिन लेने पर प्रति किलोग्राम घी 618 रुपए के बजाए 638 रुपए किलोग्राम में पड़ेगा। गाय के घी का एक लीटर पैक अब 593 से बढ़कर 608 रुपए का मिलेगा।