


भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी ने अपने पहले संबोधन में ही कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि उन्हें मेरी कसम है कि अब सीपी जोशी जिंदाबाद के नारे नहीं लगेंगे और ना ही जयपुर सहित पूरे प्रदेश में उनके नाम के ना बैनर लगेंगे नहीं पोस्टर। उन्होंने कहा कि अगर बैनर पोस्टर लगा नहीं है तो केंद्र सरकार की उपलब्धियों के लगाओ और नारे लगाने हैं तो नरेंद्र मोदी और हमेशा के साथ जेपी नड्डा के लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है मैं सभी के सहयोग से प्रदेश में वर्ष 2023 में भाजपा की भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने का काम करूंगा।
सोमवार को भाजपा कार्यालय पर पदभार ग्रहण करने के बाद सीपी जोशी ने कहा कि अब 6 महीने का समय है और दिन-रात हमें मेहनत करके भाजपा को सत्ता में लाने के लिए काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुझे लोगों ने कहा था कंधे पर बिठाकर प्रदेश कार्यालय में लेकर चलते हैं। मैंने मना कर दिया। उनसे कहा- आज तक जैसे आम कार्यकर्ताओं की तरह धक्के खाए हैं। वैसे ही धक्के आज भी खाने दो। इसी में असली मजा है।
जोशी ने कहा कि हमें अब स्वागत सत्कार में वक्त जाया नहीं करना है। अब पूरे राजस्थान में केंद्र की योजनाओं का प्रचार करना है। रेलवे का बजट हो या फिर राम मंदिर का निर्माण। हमें इन सबके होर्डिंग लगाने हैं, न की किसी नेता के। उन्होंने कहा कि राजस्थान में किसान ओलावृष्टि से पूरी तरह बर्बाद हो गया है और सरकार ने अभी तक विशेष गिरदावरी नहीं कराई है और ना ही उन्हें कोई सहायता दी है।उन्होंने कहा कि उदयपुर में कन्हैया की गर्दन नहीं कटी है, बल्कि कांग्रेस सरकार की गर्दन कटी है। जिन लोगों ने कन्हैया के दोषियों को पकड़ने में मदद की आज उन्हें धमकी मिल रही है। अगर उनका बाल भी बांका हो गया तो अच्छा नहीं होगा।
इससे पूर्व भाजपा मुख्यालय दोपहर 2:30 बजे सीपी जोशी पहुंचे उन्हें 21 पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष सतीश पूनिया, पूर्व अध्यक्ष डॉ महेश शर्मा, डॉ अरुण चतुर्वेदी, ओम प्रकाश माथुर, संगठन महामंत्री चंद्र शेखर शर्मा और जयपुर ग्रेटर नगर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर की मौजूद रही।
सीपी जोशी आज सुबह 6:00 बजे दिल्ली से सड़क मार्ग से जयपुर आए थे। उनकी गाड़ी को जयपुर ग्रामीण से भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह चला रहे थे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, सांसद पीपी चौधरी और बालक नाथ साथ आए थे। भाजपा के मंच पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा की राष्ट्रीय सह प्रभारी रहाटकर, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, प्रदेश महामंत्री और सांसद दिया कुमारी, भाजपा विधायक दल के उप नेता राजेंद्र राठौड़ सहित विभिन्न नेता मौजूद रहे। उनका भाजपा के कार्यकर्ताओं नेताओं ने पूरे रास्ते पर भव्य स्वागत किया। अब तक के इतिहास में अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने के मौके पर इतनी बड़ी तादाद में कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे थे। भाजपा में लगभग सवा 3 साल से नहीं आने वाले कार्यकर्ता और नेता भी आज भाजपा मुख्यालय पर पहुंचे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।