


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा है कि देश में सभी राज्यों की प्रशासनिक सेवाओं में एकरूपता बेहद आवश्यक है ताकि गुणवत्तापूर्ण शासन पूरे देश में स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों की ज़िम्मेदारियाँ एक सी है अतः यह आवश्यक है कि इनके लिए नियम भी में पूरे देश में एकसमान हो। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शासन के लिए शासन के पारंपरिक तौर तरीक़ों में बदलाव को आवश्यक बताया।
डॉ. जोशी शनिवार को आरएएस क्लब में आयोजित अखिल भारतीय राज्य नागरिक एवं प्रशासनिक सेवा महासंघ के 16 वें अधिवेशन के समापन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में कार्यपालिका के द्वारा बनाई गई नीतियों के ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन की ज़िम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों के कंधों पर होती है अतः इन पर निगरानी का कार्य बेहद जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से किया जाना आवश्यक है। इन्ही नीतियों और उनके सफल क्रियान्वयन के बलबूते भारत आज़ादी के बाद आज एक मज़बूत शक्ति के रूप में ख़ुद को स्थापित किये हुए हैं। डॉ. जोशी ने इस अधिवेशन के गौरवमय आयोजन और प्रदेश को इसकी मेज़बानी के लिए राजस्थान प्रशासनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष गौरव बजाड को बधाई दी।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत ने राज्य प्रशासनिक सेवा के महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि विकास को गति देने का कार्य, सरकार की सभी कल्याणकारी योजना, नियम को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य राज्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया जाता है। उन्होंने ओपीएस और चिरंजीवी योजना को देश में जनहित की अब तक की सबसे बड़ी योजना बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही उड़ान योजना, किसान मित्र योजना आदि पर चर्चा करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को इन जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रकाश देने वाले सूरज की संज्ञा दी।
राज्य प्रशासनिक अधिकारियों की सेवा नियमों और विनियमों की पुस्तक का विमोचन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी और उद्योग मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत ने अन्य अतिथियों के साथ भारतीय राज्य नागरिक एवं प्रशासनिक सेवा महासंघ द्वारा तैयार "एससीएस अधिकारियों की सेवाओं को नियंत्रित करने वाले मॉडल नियमों और विनियमों के सेट" पर पुस्तक का विमोचन किया जिसमे एससीएस अधिकारियों से संबंधित मॉडल नियमों और विनियमों की जानकारी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में राजस्थान प्रशासनिक सेवा परिषद को पहली बार इस अधिवेशन की मेज़बानी का अवसर मिला है जिसको लेकर तमाम तैयारियाँ परिषद के अध्यक्ष श्री गौरव बजाड और अन्य पदाधिकारियों द्वारा गत कई महीनों से की जा रहीं थी ।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय राज्य नागरिक एवं प्रशासनिक सेवा महासंघ अध्यक्ष डॉ. जीबन चक्रवर्ती, महासचिव शिवदुलार सिंह, आरएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव बजाड और अन्य पदाधिकारीं भी उपस्थित रहे।