


बाड़मेर जिले के चौहटन कस्बे में मंगलवार शाम युवक के साथ मारपीट कर उसकी बहन को अगवा करने की घटना में पांच थानों की पुलिस और डीएसटी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर 40 किलोमीटर पीछा कर 10 घंटे के अंदर मुख्य अपहरणकर्ता सांग सिंह निवासी दुधवा खुर्द थाना चौहटन और उसके दो सहयोगियों धर्म सिंह निवासी चौहटन आगोर तथा गोमाराम भील निवासी खारिया राठौड़ान को गिरफ्तार कर अपहृत युवती को छुड़ा लिया है।
बाड़मेर एसपी आनंद ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे सूचना मिली कि चौहटन कस्बे में एक लड़के के साथ मारपीट कर उसके साथ आई लड़की को कुछ लोग गाड़ी में अपहरण कर ले गए हैं। सूचना पर एसएचओ भूटाराम तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां घायल पुष्पेंद्र सिंह निवासी जोधपुर ने बताया कि उसकी बहन को सांग सिंह व दुर्जन सिंह कैंपर गाड़ी में ले गए हैं। पुष्पेंद्र सिंह को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसओ मय टीम द्वारा घटना की जानकारी कर मुलजिम और अपहर्ता की तलाश शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी दिगंत आनंद द्वारा जिले भर में नाकाबंदी करवा कर चौहटन सर्किल से एसएचओ चोहटन, बीजराड़, रामसर, गडरा रोड, बाखासर व डीएसटी की टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर के साथ सहयोग में ली गई बोलेरो और उसके चालक धर्म सिंह व गोमाराम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी धर्म सिंह ने सांग सिंह और अगवा महिला को गांव खारिया गोकलिया रामसर में छोड़ना बताया। सूचना पर सीओ चौहटन धर्मेंद्र डूकिया और एसएचओ मय टीम द्वारा मौके पर पहुंचे। लेकिन आरोपी भनक लगते ही वहां से भाग चुका था। पुलिस टीमों ने ग्रामीणों के सहयोग से रामसर, भाचभर, हाथमा में करीब 40 किलो मीटर पद चिन्हों के आधार पर लगातार पैदल ही पीछा किया।
गांव सियाणी की पहाड़ी से मुख्य अपहरणकर्ता सांग सिंह व अपहर्ता को दस्तयाब किया गया। घटना में प्रयुक्त दोनों वाहन जप्त कर तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।