Saturday, 29 August 2026

8 साल की बेटी के अपहरण की झूठी सूचना देने वाला पिता गिरफ्तार


8 साल की बेटी के अपहरण की झूठी सूचना देने वाला पिता गिरफ्तार

सवाई माधोपुर जिले में पत्नी के प्रेमी को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए नशेड़ी पिता ने जिले के अभय कमांड सेंटर में स्कूल गई 8 साल की बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दी। सूचना पर हरकत में आई बामनवास थाना पुलिस ने तुरन्त आसूचना संकलित कर आरोपी पिता मनीष बैरवा निवासी गण्डाल को झूठी रिपोर्ट देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

सवाई माधोपुर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मंगलवार की शाम आरोपी पिता मनीष बैरवा ने अभय कमांड सेंटर पर कॉल कर सूचना दी कि उसकी बेटी स्कूल में पढ़ने गई थी। अभी तक घर नहीं आई है। जंगल में मिले बच्ची के बैग में एक पर्ची लिखी है, जिसमें लिखा है अभी तो लड़की को लेकर जा रहा हूं, आगे तुम्हारे साथ और बुरा होगा। अभय कमांड ने एसएचओ बामनवास मनीष शर्मा को सूचनाकर्ता के मोबाइल नंबर देते हुए घटना से अवगत कराया गया।

घटना की गंभीरता को देख बच्चे की तलाश के लिए एसपी अग्रवाला द्वारा एएसपी प्रकाश चंद्र व सीओ तेज कुमार पाठक के सुपर विजन व एसएचओ मनीष शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पीड़ित पिता को थाने बुला कर पूछताछ की गई। थाने के एएसआई राजेश सिंह द्वारा दिन में मनीष बैरवा को कोर्ट परिसर में देखा गया था।

इस संबंध में आसूचना संकलित की गई तो पता चला कि शराब पीकर मनीष बैरवा अपनी बेटी के अपहरण का झूठा इस्तगासा करने पहले कोर्ट गया था, लेकिन सभी वकीलों ने इंकार कर दिया तो उसने अभय कमांड कंट्रोल को सूचना दे दी। आरोपी के गांव में भी पूछताछ की गई तो ऐसा कुछ सामने नहीं आया। मामला झूठा लगने पर मनीष बैरवा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने झूठी सूचना देना कबूल कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मनीष बैरवा ने अपनी पत्नी के प्रेमी सरवन बैरवा को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए अपहरण की साजिश रची थी। इसके लिए उसने पहले अपनी 8 साल की बेटी को बहनोई महेंद्र बैरवा निवासी पीरकेदा के घर छोडा फिर कोर्ट में काम नही बनने पर अभय कमांड में सूचना दे दी।




Previous
Next

Related Posts