


कुंदन नगर में बने डिज्नीलैंड में मंगलवार को केबल टूटने से झूला अचानक 30 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। हादसे में 7 बच्चों सहित 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। झूले में कुल 25 लोग बैठे थे। दुर्घटना के बाद मेले से झूला संचालक के साथ ही सभी दुकानदार फरार हो गए हैं।
कुंदन नगर इलाके में फुस की कोठी के नजदीक 27 फरवरी को दरबार डिज्नीलैंड की शुरुआत हुई थी। इसका समापन 28 मार्च को होना था। मंगलवार की शाम करीब 7 बजे टावर झूला में 25 लोग बैठे थे। अचानक केबल टूटी और झूला ऊंचाई से नीचे आ गिरा। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
हादसे में वैशाली नगर निवासी कोमल , पहाड़गंज निवासी वंशिका , सिविल लाइन निवासी भावेश, शीशा खान निवासी अर्शिन , गयासुद्दीन , शास्त्री नगर निवासी हर्षा , पुलिस लाइन निवासी सोनल अग्रवाल, डिग्गी बाजार निवासी आफरीन,किशनगढ़ निवासी नीतू , धोलाभाटा निवासी गीतांजलि , मलुसर रोड निवासी अंशु , वैशाली नगर निवासी लक्ष्य, कशिश, शीशाखान निवासी अम्मान घायल हुए हैं।
एडीएम सिटी भावना गर्ग ने कहा कि मेले से संबंधित परमिशन ली गई थी। मेले में झूले लगाने की भी परमिशन मांगी थी। झूलों को लेकर मौके का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में सही पाने के बाद परमिशन दे दी गई। मंगलवार को यह हादसा कैसे हुआ और हादसे का क्या कारण है इसे लेकर के जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुंदन नगर इलाके में केबल टूटने से एक झूले के नीचे गिरने के दौरान 17 लोग घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी लोगों की हालत खतरे से बाहर है।