


विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में राइट टू हैल्थ को लेकर सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई गई। सभी ने चिकित्सकों पर पुलिस के लाठीचार्ज की निंदा की। बैठक में तय किया गया कि इस बिल का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
राइट टू हैल्थ बिल को रोकने के लिए भाजपा पूरा जोर लगाएगी। जब विधानसभा में बिल पेश किया गया तो विपक्ष ने पुरजोर तरीके से बिल को पास करने से पहले जनमत जानने की मांग उठाई थी, विपक्ष के दवाब के बीच बिल को प्रवर समिति को भेजना पड़ा था।
इससे पहले सोशल मीडिया पर भी भाजपा नेताओं ने सरकार को घेरा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां ने ट्वीट कर कहा कि मौजूदा तानाशाह गहलोत सरकार में सत्ता का दंभ अपने चरम पर है। सरकार से असहमत हर आवाज को लाठी से दबाने की कोशिश हो रही है। किसानों, युवाओं और वीरांगनाओं पर लाठीचार्ज के बाद आज चिकित्सकों पर भी लाठीचार्ज किया गया। जनता सब देख रही है और बहुत जल्द जवाब भी देगी।