Saturday, 29 August 2026

राहुल गांधी के सरकारी निवास पर पहुंची पुलिस, बयान लेने का कर रहे हैं पुलिस अधिकारी इंतजार


राहुल गांधी के सरकारी निवास पर पहुंची पुलिस, बयान लेने का कर रहे हैं पुलिस अधिकारी इंतजार

दिल्ली पुलिस रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर पहुंची है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए गए बयान पर पूछताछ करनी है। राहुल ने 30 जनवरी को श्रीनगर में कहा था कि वे रेप पीड़िताओं से मिले थे। हम राहुल से उनके बारे में जानकारी लेना चाहते हैं, जिससे महिलाओं को न्याय दिलाया जा सके।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा  ने कहा कि ये गंभीर मामला है। पुलिस ने इस मामले में जानकारी हासिल करने की कोशिश की थी लेकिन सफलता नहीं मिली। इसलिए, आज मैं जानकारी लेने आया हूं। ये यात्रा दिल्ली से भी गुजरी थी। अगर दिल्ली का कोई मामला होगा तो हम तुरंत कार्रवाई शुरू करें।

राहुल के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद हैं। डिप्टी कमिश्नर प्रणव तायल समेत कई अधिकारी भी वहां मौजूद हैं।

राहुल ने श्रीनगर में कहा था- कई महिलाएं मुझसे मिलने आई थीं। वे रो रही थीं और इमोशनल थीं। उनमें से कुछ ने कहा कि उनके साथ रेप हुआ है, मोलेस्टेशन हुआ है। मैंने उनसे पूछा कि क्या मैं पुलिस को इस बारे में बताऊं। तो उन्होंने कहा कि राहुल जी हम बस आपको बताना चाहते थे। पुलिस को इस बार में मत बताइए वरना हमें और ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा।

इसी बयान को लेकर पुलिस की एक टीम 15 मार्च को राहुल गांधी को नोटिस देने गई थी। टीम ने वहां 3 घंटे तक इंतजार किया, लेकिन राहुल नहीं मिले। 16 मार्च को दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारी दोबारा उनके घर गए। डेढ़ घंटे तक इंतजार करने के बाद राहुल उनसे मिले और नोटिस रिसीव किया था।

दिल्ली पुलिस ने खुद ही इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़िता के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए सवालों की एक लिस्ट राहुल को भेजी थी। पुलिस ने उनसे कहा था कि सवालों के जवाब जल्दी और डिटेल में दें जिससे पीड़िता को सुरक्षा दी जा सके।

कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस के नोटिस पर नाराजगी जताई थी। पार्टी ने ट्वीट किया था- सरकार अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में राहुल के सवालों से घबरा गई है और पुलिस का सहारा ले रही है। भारत जोड़ो यात्रा खत्म होने के 45 दिन बाद दिल्ली पुलिस उस पीड़िता के बारे में जानकारी मांग रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts