

डीएसटी और कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्यवाही करते हुए शुक्रवार रात 2 किलो 155 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर नीमच निवासी आरोपी मुकेश भील को गिरफ्तार किया है|
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डीएसटी प्रभारी भवानी सिंह राजावत मय टीम व थानाधिकारी कोतवाली विक्रम सिंह मय जाप्ता द्वारा कोतवाली चित्तौड़गढ़ थानांतर्गत गस्त की जाकर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी।
गश्त करती हुई पुलिस टीम जिला परिषद कार्यालय के गेट के सामने रोड पर पहुंची। जहां पर एक व्यक्ति खड़ा हुआ दिखाई दिया, जिसने अपनी पीठ के पीछे एक बैग लटका रखा था। पुलिस को देख भागने का प्रयास करने पर इसे घेरा देकर पकड़ा गया। पास मिले थैले में रखी एक प्लास्टिक की थैली से 2.155 किलोग्राम अफीम मिली।
पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रीम अनुसंधान किया जा रहा है।