Saturday, 29 August 2026

प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी दूर नहीं की तो सरकार चली जाएगी: फारूक अब्दुल्ला


प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी दूर नहीं की तो सरकार चली जाएगी:  फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में गुटबाजी चल रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने अच्छा काम किया है। योजनाएं भी अच्छी हैं, लेकिन सभी नेताओं को साथ लेकर चलना होगा। तभी कांग्रेस मजबूत होगी। अगर राजस्थान कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को दूर नहीं किया गया और सभी नेताओं को साथ लेकर नहीं चला गया तो राजस्थान जैसा राज्य कांग्रेस के हाथ से निकल जाएगा। इसका नुकसान पार्टी को होगा।

देश के हालात से सभी वर्ग परेशान हैं। हमारे देश में 22 करोड़ मुसलमान रहते हैं, लेकिन एक धर्म विशेष के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है। अब्दुल्ला शनिवार को जयपुर के पिंकसिटी प्रेस क्लब में इंडियन मुस्लिम फॉर सिविल राइट्स के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि आखिर 22 करोड़ मुसलमानों को कहां फेंकोगे ? क्या समंदर में फेंकोगे? उन्होंने कहा कि देश में सभी हिंदू मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। न ही मुसलमानों के दुश्मन हैं। बल्कि इस वक्त देश के बहुसंख्यक हिंदू भी वर्तमान हालत से परेशान और चिंतित हैं। वह भी चाहते हैं कि देश के मौजूदा हालत बदलने चाहिए।

अब्दुल्ला ने कहा कि पहले मुस्लिमों को एकजुट होना होगा। सभी वर्गों को एकजुट होना होगा। हम सब एकजुट हो गए तो हिंदुस्तान का संविधान कोई नहीं बदल सकता। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हिंदुस्तान एक बहुत बड़ा देश है। यहां पर खतरे आते हैं, लेकिन हिंदुस्तान सुरक्षित है।

अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए। वो चुने हुए सांसद हैं। अगर उन्होंने कोई गलत बात बाहर बोली है। अब वो अपनी बात संसद में रखना चाहते हैं। उन्हें सुनना चाहिए। उसके बाद ही फैसला करना चाहिए कि क्या गलत है और क्या सही है। लोकतंत्र में सबको अपनी-अपनी बात कहने का अधिकार मिला हुआ है। उन्हें नहीं बोलने दिया जा रहा है।

गलतफहमी फैलाई जा रही है: सलमान खुर्शीद
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि लोगों के बीच गलतफहमी फैलाई जा रही है। हिंदू के मन में मुसलमान के प्रति और मुसलमान के मन में हिंदू के प्रति गलत बातें फैलाई जा रही हैं। देश में हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सभी लोग मिलकर रहेंगे तो देश मजबूत रहेगा। अगर हम बिखर गए तो देश बिखर जाएगा। खुर्शीद ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सरहदों पर जब सैनिक खड़े होते हैं तो उनका धर्म नहीं पूछा जाता है कि वे किस धर्म से हैं। सीमा पर सब धर्म के लोग मिलकर देश की रक्षा करते हैं। 

कार्यक्रम के दौरान बीएसपी सांसद दानिश अली ने मंच से मीडियाकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी कर दी। जिसको लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मीडियाकर्मियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। उसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, विधायक रफीक खान और अमीन कागजी मीडिया कर्मियों को मनाते नजर आए। हालांकि मामला बढ़ता देख दानिश अली ने अपने बयान पर खेद व्यक्त कर दिया।

Previous
Next

Related Posts