Saturday, 29 August 2026

हंगामे के बाद संसद सोमवार तक स्थगित, कांग्रेस सांसदों ने राहुल के सदन में बोलने की मांग की, भाजपा ने कहा पहले मांगें माफी


हंगामे के बाद संसद सोमवार तक स्थगित, कांग्रेस सांसदों ने राहुल के सदन में बोलने की मांग की, भाजपा ने कहा पहले मांगें माफी

लोकसभा में 5 वें दिन की कार्यवाही शुरू होने के 20 मिनट बाद ही खत्म हो गई। सदन में नारेबाजी के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने लोकसभा को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बोलने दो के नारे लगा रहे थे। जबकि भाजपा पिछले 4 दिन से राहुल गांधी के कैम्ब्रिज वाले बयान पर माफी की मांग कर रही है। राज्यसभा भी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

सदन के स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसदों समेत 16 विपक्षी दलों ने सोनिया, राहुल और खड़गे के साथ मिलकर महात्मा गांधी की मूर्ति के पास अडाणी मामले पर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सदन की कार्यवाही के दौरान ऑडियो म्यूट कर दिया गया। क्या यह लोकतंत्र है? लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को भी कहा था कि उनका माइक 3 दिन के लिए म्यूट कर दिया गया।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने राज्यसभा में सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश किया।

सांसद शशि थरूर ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी भी यह मांग नहीं की कि लोकतंत्र को बचाने के लिए विदेशी ताकतें हमारे देश में आएं। मुझे नहीं लगता कि इसके लिए माफी मांगने की जरूरत है। संसद चलाना सरकार की जिम्मेदारी है।"

राहुल गांधी गुरुवार को संसद पहुंचे थे और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मिलकर सदन में भाषण के लिए वक्त मांगा था। भाजपा उनसे माफी की मांग पर अड़ी है। भाजपा के निशिकांत दुबे ने लोकसभा  अध्यक्ष को  पत्र लिखकर राहुल गांधी के सदन से निष्कासन की मांग की है। साथ ही कहा है कि उनके बयान की जांच करने के लिए एक जांच समिति बनाई जाए। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज पांचवां दिन हैं। पहले चार दिन राहुल गांधी के लंदन में दिए गए भाषण और अडाणी मामले में हंगामे की भेंट चढ़ गए।
सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के बयानों की जांच के लिए एक विशेष कमेटी बनाने की मांग की है। दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने यूरोप और अमेरिका में अपनी बयानों से लगातार संसद और देश की गरिमा को धूमिल किया है। इसलिए उन्हें संसद से निष्कासित करने का समय आ गया है। उनकी लोकसभा सदस्यता को समाप्त करने में मदद करनी चाहिए।

 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने कहा है। उन्होंने  कहां है कि दुर्भाग्य की बात यह है कि कांग्रेस देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गई है। जनता के बार-बार नकारे जाने के बाद राहुल गांधी इस देश विरोधी टूलकिट का एक परमानेंट हिस्सा बन गए हैं।

लंदन में दिए गए भाषण को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सफाई दी है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि मेरे भाषण में ऐसी कोई चीज नहीं थी जो मैंने पब्लिक रिकॉर्ड से नहीं निकाली। सब कुछ यहां-वहां से जुटाया था। यह पूरा मामला डिस्ट्रैक्ट करने का है।पीएम नरेंद्र मोदी गौतम अडाणी के मुद्दे से डरे हुए हैं। वे बताएं कि अडाणी से उनका क्या रिश्ता है।

उन्होंने कहा कि साथ ही कहा कि लंदन में दिए गए भाषण के मुद्दे पर संसद में विस्तार से जवाब दूंगा। मैं सांसद हूं और संसद मेरा मंच है। राहुल ने कहा कि अडाणी को श्रीलंका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया में ठेके मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री जी और ऑस्ट्रेलिया के पीएम के बीच क्या बात हुई पीएम जी उसके जवाब नहीं दे पाए।

मैं लोकसभा का सदस्य हूं। मेरी जिम्मेदारी अपनी बात संसद में रखने की है। मुझे कल संसद में अगर बोलने का मौका मिलता है तो वहां मैं डिटेल में इस विषय पर अपनी बात रखूंगा। हालांकि लगता है कि वे मुझे पार्लियामेंट हाउस में बोलने नहीं देंगे।

Previous
Next

Related Posts