Saturday, 29 August 2026

राजू तेली की हत्या की साजिश रचने में मुख्य आरोपी प्रीतम उर्फ बंटी की प्रेमिका गायत्री कुंवर भी शामिल,किया गिरफ्तार


राजू तेली की हत्या की साजिश रचने में मुख्य आरोपी प्रीतम उर्फ बंटी की प्रेमिका गायत्री कुंवर भी शामिल,किया गिरफ्तार

बजरंग दल के विभाग सह संयोजक राजेंद्र परमार उर्फ राजू तेली की हत्या की साजिश रचने में मुख्य आरोपी प्रीतम उर्फ बंटी की प्रेमिका गायत्री कुंवर भी शामिल थी। गायत्री वॉट्सऐप कॉल के जरिए जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर दिलीपनाथ से लगातार संपर्क में थी। दिलीप से मिले हर डायरेक्शन को गायत्री ही बंटी और अन्य शूटर तक पहुंचा रही थी। वारदात के बाद से फरार गायत्री को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इससे पहले उसने जमानत की अर्जी भी लगाई, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया कि सब इंस्पेक्टर प्रशिक्षु रेणु खोईवाल, एएसआई नारायण सिंह, कॉन्स्टेबल आलोक कुमार की टीम ने जांच करते हुए लावासरदारगढ़ हाल गुप्तेश्वर नगर सवीना निवासी गायत्री कुंवर पत्नी योगेन्द्र सिंह को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया। गायत्री ने जयपुर निवासी शूटर विजय मीणा उर्फ सिकरा को राजू तेली की हत्या से पहले 20 से 25 दिन अपने घर में पनाह दी थी।
गायत्री ने परमार की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को वारदात से पहले अपने घर में छिपाए रखा। जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर दिलीपनाथ ने मध्यप्रदेश निवासी तूफान सिंह उर्फ ज्ञानी से 1.80 लाख रुपए में तीन पिस्टल और 54 कारतूस उपलब्ध करवाए थे। जो हत्या के लिए बंटी, जितेंद्र उर्फ अन्ना, विजय मीणा और फरार चल रहे हवाला निवासी भरत सिंह को यह उपलब्ध कराए थे।
गायत्री ने पुलिस को बताया कि उसे बदमाश प्रीतम ने ही दिलीपनाथ के नंबर दिए थे। उसे वॉटसऐप के जरिए लगातार उससे संपर्क में रहने और दिलीप से मिले डायरेक्शन को उन्हें बताने को कहा था। इस आधार पर राजू की हत्या की योजना तैयार की गई। गायत्री ने यह भी बताया कि दिलीप नाथ ने बंटी और उसे आश्वस्त किया था कि वारदात के बाद उन्हें मकान बनाकर देगा। इसके अलावा 30 लाख नकद और बिजनेस सेटल करने का लालच भी दिया।
गायत्री की शादी साल 2011 में गोवर्धन विलास निवासी योगेन्द्र सिंह के साथ हुई थी। चार साल तक वह पति के साथ रही। इसी बीच वह हिस्ट्रीशीटर बंटी के संपर्क में आ गई। वर्ष  2015 में पति को छोड़कर बंटी के साथ साथ लिव इन में रहने लगी। वर्ष 2015 में प्रीतम को अवैध पिस्टल रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया तो वह मकान खाली कर गुप्तेश्वर नगर तीतरड़ी में मकान गिरवी लेकर रहने लगी। बाद में प्रीतम भी यहां आकर रहने लगा।

6 फरवरी 2023 को रामपुरा इलाके में राजेंद्र परमार की उसी की शॉप के बाहर दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसी रात को गोवर्धनविलास थाने हिस्ट्रीशीटर प्रीतम उर्फ़ बंटी ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस विजय उर्फ सिकरा, प्रीतम सिंह उर्फ बन्टी, भंवरलाल सुहलका, जितेन्द्र उर्फ अन्ना, तुफानसिंह, सरदार उर्फ ज्ञानी, यशपाल सालवी, प्रियंक जीनगर व राकेश गायरी को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इस मामले में शहर के एक और हिस्ट्रीशीटर दिलीपनाथ का नाम सामने आया है। पुलिस ने इस मामले को लेकर जेल से कुछ मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।




Previous
Next

Related Posts