Saturday, 29 August 2026

कोटा के गढ़ पैलेस में हुई नकबजनी में 10-10 हजार के इनामी अंतर राज्य गिरोह के तीन अभियुक्त माल सहित गिरफ्तार


कोटा के गढ़ पैलेस में हुई नकबजनी में 10-10 हजार के इनामी अंतर राज्य गिरोह के तीन अभियुक्त माल सहित गिरफ्तार

कोटा जिले के थाना कैथूनीपोल क्षेत्र स्थित गढ़ पैलेस में 27 फरवरी को हुई नकबजनी की वारदात का थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना में शामिल आरोपी अरुण तेवतिया (28) निवासी थाना जारचा जिला गौतम बुध नगर उत्तर प्रदेश हाल थाना गोविंदपुरम जिला गाजियाबाद, अचिन जाटव (24) निवासी थाना लोनी बॉर्डर जिला गाजियाबाद एवं प्रभात पांचाल (27) निवासी थाना लोनी जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश हाल थाना ज्योति नगर नई दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है।

सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि 27 फरवरी को गढ़ पैलेस म्यूजियम के मैनेजर आशुतोष दाधीच ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात राजमहल परिसर की दीवार कूद कर दो व्यक्ति अंदर आए। दरबार हॉल के ताले तोड़कर शोकेस में रखें अत्यंत दुर्लभ प्राचीन कलाकृतियों को चोरी कर ले गए। यह घटना सीसीटीवी में दर्ज हुई है। घटना की गंभीरता को देख आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी प्रवीण जैन और सीओ हर्ष राज सिंह व अमर सिंह के सुपरविजन तथा एसएचओ विनोद कुमार के नेतृत्व में थाना कैथूनीपोल से डीएसटी इंचार्ज नीरज गुप्ता व साइबर सेल इंचार्ज प्रताप सिंह के साथ टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास मकानों और दुकानों पर लगे प्राइवेट सीसीटीवी और अभय कमांड सेंटर के करीब 200 सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग से घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान की गई। तकनीकी सूचना के आधार पर इन तीनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस ने इनकी निशानदेही पर नकबजनी का पूरा माल बरामद कर लिया है। मंगलवार को आरोपी प्रभात पांचाल को जेल भेजा गया। बाकी दोनों आरोपी 18 मार्च तक पुलिस हिरासत में है, जिनसे अन्य घटनाओं के बारे में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

आरोपी अरुण और प्रभात द्वारा 18 फरवरी को झुंझुनू के नवलगढ़ में डॉक्टर रामनाथ पोदार हवेली म्यूजियम में भी नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। अग्रिम कार्रवाई के लिए दोनों अभियुक्तों को झुंझुनू पुलिस को सौंपा गया है।




Previous
Next

Related Posts