

पीडीपीपी एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को पकड़ने गई सवाई माधोपुर के थाना मलारना डूंगर पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला कर दो कांस्टेबलों को घायल करने तथा पुलिस की बाइक और 4000 रुपये लूटने के मामले में 3 महिला समेत छह जनों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि सोमवार को थाना मलारना डूंगर के एएसआई मोती सिंह द्वारा घटना के संबंध में थाना कुंडेरा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि मुकदमे में वांछित आरोपी बबलू केवट निवासी दौड़ा की ढाणी थाना कुंडेरा को बनास नदी में मछली निकालते समय पकड़ने के लिए दो पुलिस टीम मय तैराकों के गई थी। मुलजिम बबलू केवट के परिजन हाथों में लाठी, फरसा, कुल्हाड़ी लेकर आए और पुलिस टीम और तैराकों पर जानलेवा हमला करने लगे।
अभियुक्त और उसके परिजन पुलिस की एक प्राइवेट बाइक और तैराक रामकेश गुर्जर के किनारे रखे कपड़े से 4000 लूट कर भाग गए। घटना में कॉन्स्टेबल घनश्याम और रवि घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी हिमांशु शर्मा व सीओ राजवीर सिंह चंपावत के सुपरविजन एवं एसएचओ कुंडेरा रामवीर सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और आर ए सी के जाब्ता को सम्मिलित कर टीम गठित की गई।
एसपी अग्रवाला ने बताया कि गठित टीम द्वारा मंगलवार को घटना में शामिल आरोपी रामफूल केवट (50), भैरू केवट (29), लक्ष्मण कीर (19) के साथ रामफूल की पत्नी धोडी देवी (55), भैरू सिंह की पत्नी दिलभर (25) एवं मटोल पत्नी बबलू (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक भी बरामद की गई है।