


बाड़मेर जिले के बालोतरा थाना क्षेत्र के नेहरू कॉलोनी में 8 फरवरी को एक युवक पर फायरिंग कर घायल करने के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर सिराजुद्दीन उर्फ शेर मोहम्मद उर्फ शेरिया निवासी वार्ड नंबर 35 को थाना पुलिस की टीम ने अहमदाबाद में एक होटल से गिरफ्तार कर इसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक पिस्टल मय मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर सिराजुद्दीन हार्डकोर अपराधी है। इसके विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट व मारपीट के 16 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है। घटना के संबंध में 8 फरवरी को राजकीय नाहटा अस्पताल में भर्ती समदड़ी रोड निवासी नितिन ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि आज शाम 8-9 बजे वह अपने दोस्त की बहन की शादी में जा रहा था। नेहरू कॉलोनी में भीड़ जमा थी, इनमें बहसबाजी हो रही थी। इतने में शेरू खान ने अपनी जेब से पिस्टल निकाल कर उस पर फायर कर दिया। उसके साथ समीर, राहुल व साहिल सरकार भी थे।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी दिगंत आनंद द्वारा एएसपी नितेश आर्य व सीओ नीरज शर्मा के सुपरविजन एवं एसएचओ उगमराज सोनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा आसूचना पर आरोपी को अमदाबाद के एक होटल से दस्तयाब कर लिया। इसके बाकी साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।