


राजस्थान विश्वविद्यालयके बाहर मंगलवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) से जुड़े छात्र अचानक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के काफिले के सामने आ गए। छात्रों के हाथों में काले झंडे थे और वे नारेबाजी करने लगे। वहां हंगामा होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ा।
पुलिस ने एबीवीपी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष भारत भूषण यादव, सचिव रोहित मीणा, देव पलसानिया, गुलजार मीणा, मनु दाधीच को गिरफ्तार किया। राजस्थान यूनिवर्सिटी के महासचिव अरविंद जाजड़ा पुलिस से बचकर भाग निकले।
सीएम गहलोत मंगलवार को लॉ कॉलेज में छात्र संघ कार्यालय का उद्घाटन करने गए थे। कार्यक्रम के बाद सीएम गहलोत के लौटते समय एबीवीपी राजस्थान इकाई के कार्यकर्ताओं ने वीरांगनाओं के सम्मान के मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।