


जयपुर स्थित केशव विद्यापीठ, जामडोली में राष्ट्रीय सेवा भारती के पंचवर्षीय राष्ट्रीय सम्मेलन राष्ट्रीय सेवा संगम के निमित्त भूमिपूजन कार्यक्रम का मंगलवार कोआयोजन किया गया।
संगम में सभी कार्य निर्विघ्न पूर्ण हों इसके लिए विधिवत भूमि पूजन कर गणेश स्थापना कार्यक्रम मंगलवार को सुबह 9.30 बजे आयोजित किया गया। कार्यक्रम के लिए मुख्यातिथि विख्यात उद्योगपति और राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष पन्नालाल भंसाली उपस्थित रहे और अपने शब्दों से कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्यों का अभिवादन किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सेवा संगम का प्राथमिक उद्देश्य राष्ट्र के सामाजिक सांस्कृतिक ताने बाने में एक निर्णयकारी बदलाव लाने में भूमिका निभाने वाले सामाजिक संगठनों को दिशा प्रदान करना है।
पन्नालाल भंसाली ने अप्रैल में आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेवा संगम पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा भारती के तत्वाधान में तीसरा राष्ट्रीय सेवा संगम 7, 8, 9 अप्रैल को जयपुर स्थित केशव विद्यापीठ, जामडोली में आयोजित किया जाएगा। 7 अप्रैल को उद्घाटन समारोह होगा जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहनराव भागवत उपस्थित रहेंगे।
जयपुर में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में देश भर से 1000 से अधिक संस्थाओं से लगभग 5000 प्रतिनिधियों के साथ अनेकों सेवा प्रेमी, प्रसिद्ध उधोगपित, पूजनीय संत, खेल और कला जगत से गणमान्य इस संगम में उपस्थित होंगे।
पन्नालाल भंसाली लंबे समय से सेवा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और गौ ग्राम सेवा यात्रा के अखिल भारतीय अध्यक्ष भी रहे हैं। श्रीमान पन्नालाल जी भंसाली का कार्य क्षेत्र असम रहा है।
भूमि पूजन के सुअवसर पर राजस्थान के राष्ट्रीय सेवा भारती के संगठन मंत्री मूलचंद सोनी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के सेवा विभाग के प्रमुख शिव लहरी, राष्ट्रीय सेवा भारती के उपाध्यक्ष श्रवण जी ने अपनी पत्नी के साथ हवन किया। इस अवसर पर हरियाणा के सेवा प्रमुख कृष्ण कुमार, जयपुर प्रांत के प्रचारक शैलेंद्र, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष जे.पी. सिंहल, केशव विद्यापीठ जामडोली के सचिव ओम प्रकाश गुप्ता, सेवा संगम के संयोजक कृष्ण कुमार अड्डानिया और महेंद्र सिंघल समेत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख पदाधिकारी और कार्य के प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा संगम अपनी तरह का एक अनूठा पंचवर्षीय राष्ट्रीय सम्मेलन है जो कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य करने वाले 1000 से ज्यादा स्वैच्छिक सेवा संस्थाओं के 5000 से अधिक प्रतिनिधियों को एक स्थान पर लाने के लक्ष्य से आयोजित किया जाता रहा है।
इस महान पंचवर्षीय राष्ट्रीय सम्मेलन का प्रमुख एवं निहित उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा भारती से संबंध व संलग्न स्वैच्छिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों के बीच तालमेल स्थापित कर समरस, सक्षम, स्वाबलंबी एवं आत्मनिर्भर समाज और समृद्ध भारत का निर्माण करना है।
राष्ट्रीय सेवा भारती की योजना से प्रथम राष्ट्रीय सेवा संगम 2010 में बेंगलुरु में आयोजित हुआ था । दूसरा राष्ट्रीय सेवा संगम अप्रैल 2015 दिल्ली में आयोजित हुआ और तीसरा आयोजन 5 वर्ष पश्चात मार्च 2020 जयपुर में आयोजित होना था लेकिन कोरोना महामारी के कारण संपूर्ण विश्व पीड़ित था। ऐसी परिस्थितियों में सेवा संगम 2020 जयपुर को अगली तिथियों के लिए स्थगित कर दिया गया था। पर कोरोना महामारी पर जीत हासिल करने के बाद अब इस पंचवर्षीय कार्यक्रम को अप्रैल 2023 में किया जाना तय किया है।