

डूंगरपुर जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र में नाबालिग प्रेमिका का किसी दूसरे लड़के से अफेयर होने से नाराज प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने प्रेमिका को फोन कर मिलने बुलाया था और फिर जंगल में गला दबाकर हत्या की और शव पर पत्थर रखकर फरार हो गया। पुलिस ने अब ढाई महीने बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर लड़की का कंकाल बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि रेटूआ गामड़ी निवासी दुर्गा कुमारी के पिता ने 1 जनवरी 2023 को थाने में रिपोर्ट दी थी कि अज्ञात युवक उसकी नाबालिग लड़की को भगा ले गया है। उसकी नाबालिग लड़की 26 दिसंबर 2022 को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजनों ने 1 जनवरी को रिपोर्ट दी थी और मैंने 20 जनवरी को जॉइन किया था। ऐसे में मुझे इस मामले की जानकारी नहीं थी। मामले की जानकारी मिलने पर जांच शुरू की गई। रविवार दोपहर को पुलिस ने शक के आधार पर पाल निठाउवा के पुरुषोत्तम को गिरफ्तार किया और पूछताछ की तो आरोपी ने लड़की का गला दबाकर मारने की बात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि 26 दिसंबर 2022 को सुबह करीब 4 बजे दोनों अपने घर से निकले और 3 किलोमीटर दूर कलोडिया के जंगल में मिले। यहां उसने दूसरे लड़के से अफेयर को लेकर पूछा तो दोनों में कहासुनी हो गई। इस दौरान गुस्से में आकर उसने दुर्गा का चुन्नी से गला दबा दिया और मार डाला। इसके बाद शव के ऊपर पत्थरों का ढेर लगा दिया, ताकि किसी को पता नहीं चले। मर्डर के बाद वह फरार हो गया, जब काफी दिनों तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह घर वापस आ गया। आरोपी ने बताया कि वह मुंबई में काम करता था तो कभी गांव आता था और कभी वापस चला जाता था। ऐसे में किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ। आरोपी 10वीं क्लास तक पढ़ा है।